ग्रेटर नोएडा

ग्राउंड वाटर के दिन बीते रे भईया, अब गंगा जल आयो रे; ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 43 सोसाइटी में अगले महीने से होगी गंगा वाटर की सप्लाई

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों की एक पुरानी मांग जल ही पूरी होने वाली है। प्राधिकरण के अनुसार वह अगस्त में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की करीब 43 सोसाइटियों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू करने जा रहा है। अगर प्राधिकरण ऐसा करने में सफल रहता है तो डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को गंगाजल सीधे उनके घर पर मिलने लगेगा।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटियों में आएगा गंगाजल (फोटो - iStock)

Photo : iStock

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तमाम बड़ी-बड़ी हाउसिंग सोसाइटी हैं। यहां लाखों लोग रह रहे हैं, लेकिन पीने के पाने के लिए अभी तक ज्यादातर हिस्सा ग्राउंड वाटर पर ही निर्भर है। यहां के लोग लंबे समय से गंगा वाटर की सप्लाई का इंतजार कर रहे हैं और अब उनका यह इंतजार खत्म होने ही वाला है। यानी कह सकते हैं, 'ग्राउंड वाटर के दिन बीते रे भईया, अब गंगा जल आयो रे...' चलिए जानते हैं इस बारे में और किन सेक्टरों को गंगा जल मिलेगा।

ग्रेटर नेडा वेस्ट यानी नोएडा एक्सटेंशन में गौर सिटी वन (Gaur City - 1), गौर सिटी टू (Gaur City - 2) सहित आसपास की कुल 43 सोसाइटियों में रहने वाले लोगों को जल्द ही उनके घरों तक गंगा वाटर की सप्लाई होने लगेगी। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के अनुसार अगस्त में नोएडा एक्सटेंशन को गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा। यानी आजादी के इस महीने में ग्रेटर नोएडा वेस्ट को ग्राउंड वाटर से आजादी मिल जाएगी। GNIDA के जल विभाग ने शहर के मशहूर चारमूर्ति चौक उर्फ किसान चौक उर्फ गौड़ चौक के पास गंगाजल की पाइपलाइन को जोड़ने का काम शुरू कर दिया है।

इन सेक्टरों को मिलेगा गंगाजल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी-1 और गौर सिटी-2 में कुल 33 सोसाइटी के साथ ही सेक्टर 16बी और सेक्टर 16सी में 7 और टेकजोन-4 में तीन बिल्डर सोसाइटी को अगले महीने से गंगा जल मिलने लगेगा। बता दें कि इन सोसाइटियों में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। यहां रहने वाले लोग पिछले कई सालों से गंगाजल आपूर्ति की मांग कर रहे हैं और जलापूर्ति का इंतजार कर रहे हैं। आखिरकार निवासियों की पुरानी मांग अब जल्द ही पूरी होने वाली है।

पाइपलाइन बिछाने और उसकी साफ-सफाई का काम पूरा हो गया है। अब 130 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे से होकर आ रही गंगाजल की की पाइपलाइन को चारमूर्ति चौक के पास जोड़ने का काम भी शुरू हो गया है। जब अगस्त में यह काम पूरा हो जाएगा तो गौर सिटी की अलग-अलग सोसाइटियों के साथ ही सेक्टर 16-बी और 16 सी की सात व टेकजोन की तीन सोसाइटी में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

दूषित पानी से कई लोग बीमार पड़ चुके हैं

इन सभी सोसाइटियों में भी गंगाजल की पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। पिछले 1 साल के भीतर ही आपने ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कई सोसाइटियों में दूषित पानी से लोगों के बीमार पड़ने की खबरें पढ़ी और सुनी होंगी। उम्मीद की जा रही है कि गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा की न सोसाइटियों में इस तरह की समस्याएं और नहीं होंगी।

लाइव हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार GNIDA के सीनियर मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि यहां शाहबेरी के पास गंगाजल के लिए बने भूमिगत जलाशय (UGR) को चालू करने की तैयारियां चल रही हैं। जब तक यह कार्य नहीं होता है, तब तक गंगाजल की आपूर्ति डायरेक्ट की जाएगी।

24 घंटे मिलेगा गंगाजल

गंगाजल की आपूर्ति के साथ अगर आपको इस बात की चिंता सता रही है कि अब 24 घंटे पानी नहीं मिलेगा तो आपकी चिंता बेवजह है। प्राधिकरण के अनुसार वह 24 घंटे आपके घर तक गंगाजल की आपूर्ति की तैयारी कर रहा है। इसके लिए वाटर मीटर लगाए जाएंगे, ताकि पानी की बर्बादी को रोका जा सके।

वाटर लेवल बढ़ाने में मिलेगी मदद

गंगाजल की आपूर्ति होने से यहां ग्राउंड वाटर का दोहन कम होगा, जिससे वाटर टेलब रीचार्ज करने में मदद मिलेगी। भूजल दोहन को कम करने के लिए 85 क्यूसेक गंगाजल परियोजना के तहत पाइपलाइन का नेटवर्क तैयार किया गया है। नेटवर्क में खामियों के चलते गंगाजल की आपूर्ति में देरी हुई है। बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुल 45 MLD पानी की मांग है और अभी 22 MLD गंगाजल को ग्राउंड वाटर के साथ मिलाकर दिया जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article