ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी का काम कल से हो जाएगा शुरू, लाइट्स-कैमरा-एक्शन की देरी

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में फिल्म सिटी का निर्माण कार्य 18 जून से बिना किसी औपचारिक भूमि पूजन के शुरू होने जा रहा है। यह परियोजना एशिया की सबसे बड़ी और अत्याधुनिक फिल्म सिटी बनने की दिशा में अग्रसर है, जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। पहले चरण में 230 में से 180 एकड़ भूमि का समतलीकरण पूरा हो चुका है, और मिट्टी व पाइल टेस्टिंग भी संपन्न हो चुकी है।

Image

YEIDA में फिल्म सिटी का निर्माण (AI Image)

YEIDA Film City: भूमि पूजन कार्यक्रम कई बार टलने के बाद अब यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में फिल्म सिटी का निर्माण कार्य बिना किसी औपचारिक आयोजन के 18 जून से शुरू किया जाएगा। यहां जमीन को समतल करने का कार्य पूरा हो चुका है और मिट्टी की जांच भी संपन्न हो गई है। निर्माण कार्य की शुरुआत सबसे पहले सड़क और अन्य बुनियादी ढांचे से होगी। यह फिल्म सिटी एशिया की सबसे बड़ी और अत्याधुनिक फिल्म सिटी बनने जा रही है, जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है।

निर्धारित शर्तों के अनुसार 27 जून तक निर्माण कार्य शुरू होना आवश्यक है। भूमि पूजन के लिए कई बार तारीखें तय की गईं, लेकिन कार्यक्रम बार-बार स्थगित होता रहा। अब बिना किसी औपचारिक भूमि पूजन के ही निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है। भूटानी इंफ्रा के सीईओ आशीष भूटानी ने 'हिन्दुस्तान' को बताया कि पहले चरण के तहत आवंटित 230 एकड़ में से 180 एकड़ भूमि पर समतलीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। मिट्टी की टेस्टिंग और पाइल टेस्टिंग भी कर ली गई है।

फिल्म इंस्टीट्यूट और स्टूडियो का निर्माण

जानकारी के मुताबिक, कल यानी 18 जून से निर्माण कार्य शुरू होगा, जिसमें सबसे पहले सड़कें और अन्य आधारभूत संरचनाएं बनाई जाएंगी। इस चरण में फिल्म इंस्टीट्यूट और स्टूडियो का निर्माण प्राथमिकता में है। फिल्म इंस्टीट्यूट 3.5 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में बनेगा और इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं 3 लाख वर्ग फीट में अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो का निर्माण भी किया जाएगा।

भूमि पूजन समारोह

फिल्म सिटी का भूमि पूजन समारोह भव्य और ऐतिहासिक होगा। सूत्रों के अनुसार, भूमि पूजन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति संभावित है। बताया जा रहा है कि फिल्म सिटी के भूमि पूजन और नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन का कार्यक्रम एक साथ आयोजित किया जा सकता है। इसी कारण निर्माण कंपनी को कार्य प्रारंभ करने की अनुमति दे दी गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!