Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं। यहां कैमराला गांव में शराब पीने का विरोध करने पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। बदमाशों ने युवक को इतनी बुरी तरह से मारा की युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, दो युवक ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रहा था। तभी करीब एक दर्जन हमलावरों ने लाठी-डंडों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में युवक की जान चली गई, जबकि उसका दोस्त मोहित गंभीर रूप से घायल है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनीखेज फैल गई है। लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने का विरोध पड़ा भारी, एक दर्जन हमलावरों ने बोला धावा
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरकेश के रूप में हुई है और वह एक रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वह अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवक खुले में शराब पी रहे थे। जब हरकेश और उसके दोस्त मोहित ने इसका विरोध किया, तो शराब के नशे में धुत दबंग गुस्से में आ गए और देखते ही देखते करीब 12 लोगों ने लाठी-डंडों के साथ उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दोनों को तब तक पीटा जब तक वे अधमरे नहीं हो गए और फिर उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इलाज के दौरान एक युवक की मौत
घटना के दौरान युवकों की चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों अवस्था में दोनों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने हरकेश को मृत घोषित किया, जबकि मोहित का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने हरकेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई और रंजिश का एंगल
दादरी थाना पुलिस मामले की जांच हर एंगल से कर रही है। पुलिस की टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी? जांच टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपियों की कॉल डिटेल भी जुटाई जा रही है। इस मामले में पुलिस अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में ले चुकी है और घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
