MP News: इंदौर के एक सरकारी विद्यालय की कक्षा में मोबाइल फोन की घंटी बजने पर शिक्षिका द्वारा इसे खोजने के लिए छात्राओं के कथित रूप से कपड़े उतरवाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मचे बवाल के बाद पुलिस और प्रशासन ने शनिवार को इस मामले की जांच शुरू की। इस बीच, इस शिक्षिका को विद्यालय से हटा दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बड़ा गणपति क्षेत्र के शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की एक कक्षा में शुक्रवार को मोबाइल फोन की घंटी बजने पर एक शिक्षिका ने इस उपकरण को खोजने के लिए कम से कम पांच छात्राओं को शौचालय में ले जाकर कथित तौर पर उनके कपड़े उतरवाए और उनकी तलाशी ली। उन्होंने बताया कि छात्राओं के अभिभावकों ने इस कथित घटना को लेकर मल्हारगंज थाने में इस शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसमें तलाशी के दौरान लड़कियों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
जिलाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि तलाशी के नाम पर छात्राओं से अभद्र बर्ताव के आरोप का सामना कर रही शिक्षिका को शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हटा कर जिला शिक्षा कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कदम उठाए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि सरकारी विद्यालय की शिक्षिका के खिलाफ छात्राओं के अभिभावकों की शिकायत की एक सहायक पुलिस आयुक्त की अगुवाई में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला पुलिसकर्मी पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
