शहर

Thawe Durga Temple: चोरी के बाद फिर हुआ हार-मुकुट से माता का श्रृंगार, जेडीयू विधायक ने चढ़ाई भेंट

बिहार के गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में हुई करोड़ों की चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद मंदिर में सुरक्षा, आस्था और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, चोरी के बाद माता के नए श्रृंगार और जांच की प्रगति ने इस मामले को और भी चर्चा में ला दिया है।

Image

थावे दुर्गा मंदिर में नए आभूषण चढ़ाए गए

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Thawe Durga Temple: बिहार के गोपालगंज जिले स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटना के पांच दिन बाद जेडीयू के विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने माता को नए आभूषण अर्पित किए। विधायक द्वारा माता रानी को सोने का हार और मुकुट सहित कुल पांच आभूषण भेंट किए गए। इन सभी आभूषणों का कुल वजन करीब 203.25 ग्राम बताया जा रहा है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 64 लाख 364 रुपये है। आभूषणों से माता का भव्य श्रृंगार किए जाने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। सोने के हार और मुकुट से सुसज्जित माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे, जिससे परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

राक्षसी प्रवृत्ति का इंसान

जदयू विधायक ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिसने भी मां दुर्गा के श्रृंगार पर हाथ डाला है, वह इंसान नहीं बल्कि राक्षसी प्रवृत्ति का है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को मां दुर्गा 24 घंटे के भीतर दंड देंगी और आगे कोई भी माता की ओर गलत नजर उठाने की हिम्मत नहीं करेगा। बताया गया है कि 17 दिसंबर को मंदिर में करीब 1.08 करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात हुई थी। चोरों ने गर्भगृह में प्रवेश कर मां दुर्गा की प्रतिमा से सोने-चांदी के हार, लॉकर में रखा मुकुट समेत अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में रखा करीब 50 किलो वजनी दानपेटी भी चोर अपने साथ ले गए थे।

35 लोगों को लिया गया था हिरासत में

चोरी की घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद गोपालगंज पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की पांच टीमों ने यूपी और बिहार के कुल 17 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 35 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण सभी को छोड़ दिया गया। यूपी और बिहार में दबिश देने गई एसआईटी की टीमें भी खाली हाथ लौट आईं।

वहीं, सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार वर्मा और गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित दो बार थावे दुर्गा मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर चुके हैं। इसके बावजूद अब तक चोरों से जुड़ा कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। गौरतलब है कि 17 दिसंबर को मंदिर के गर्भगृह से मां दुर्गा का सोने का मुकुट, सोने की छतरी और सोने का हार चोरी हो गया था।

घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध चोरों की तस्वीरें सामने आईं, जिसके आधार पर गोपालगंज पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके बावजूद अब तक पुलिस को आरोपियों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article