Ghaziabad News: गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के रिहर्सल और मुख्य परेड के आयोजन को लेकर शहर में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत आगामी कुछ दिन जहां कई रूट डायवर्ड रहेंगे, वहीं कुछ पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। अगर आप भी गुरुग्राम और दिल्ली के बीच में अप-डाउन करने के लिए इन रास्तों का इस्तेमाल करते हैं तो यह एडवाइजरी आपके बहुत काम आएगी। गाजियाबाद पुलिस द्वारा बताए गए रूट प्लान के तहत ही अपने मार्ग को चुन परेशानियों से बच सकते हैं।
गाजियाबाद ट्रैफिक डीसीपी रामानंद कुशवाहा ने इस रूट प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को ध्यान में रखकर यह प्लान तैयार किया गया है। जिसके तहत डाबर तिराहा महाराजपुर से आने वाले भारी वाहन और मोहन नगर से सीमापुरी की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा भोपुरा से होते हुए गाजियाबाद के अंदर आने वाले भारी वाहनों और लोनी बॉर्डर से आने वाले सभी प्रकार के भारी व्यवसायिक वाहनों का दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
