Ghaziabad: गाजियाबाद के बस यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने गाजियाबाद बस डिपो से रात आठ बजे के बाद चलने वाली सभी बसों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। अब रात के समय गाजियाबाद से विभिन्न शहरों में सफर करने वाले लोगों को टिकट के लिए स्टेशन पर लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। लोग घर बैठे ही अपनी पसंद के बस में टिकट बुक कर सकेंगे। इसके साथ ही डिपो से चलने वाली सभी बसों का संचालन भी जल्द ही नियमित समय से शुरू होने वाली है।
बता दें कि, धुंध और कोहरे के कारण रात के समय होने वाले हादसों से बचने के लिए यूपीएसआरटीसी ने बीते 20 दिसंबर को आदेश जारी कर रात आठ बजे के बाद बसों के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी। हालांकि, यात्रियों के भारी विरोध के बाद यूपीएसआरटीसी ने एक दिन बार 21 दिसंबर को ही अपना फैसला वासस लेकर रात आठ बजे के बाद बसों का संचालन शुरू कर दिया, लेकिन रात के समय चलने वाली बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा बंद कर दी गई। अधिकारियों ने बताया कि, कोहरे की वजह से अभी तक कम दृश्यता होने पर बसों को पुलिस चौकी, टोल प्लाजा, बस डिपो, होटल जैसी सुरक्षित स्थान पर रोकना का ही निर्देश था।
बसों की संख्या भी बढ़ाई जा रही
नियमित चलने वाली बसों में रात आठ बजे के बाद ऑनलाइन टिकट बुकिंग 20 दिसंबर से ही बंद थी। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, जिन लोगों ने पहले से बस टिकट बुक करा रखा था, उनके पैसे वापस कर दिए गए थे। अब कोहरे का प्रकोप कम हो गया है, इसलिए बसों को फिर से नियमित कर दिया गया है। यूपीएसआइरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने कहा कि, कोहरे की वजह से अभी तक रात आठ बजे के बाद चलने वाली बसों का संचालन प्रभावित रहा था। कौशांबी बस डिपो से सामान्य दिनों में रोजाना करीब 130 बसें चलती थी, लेकिन अभी सिर्फ 80 बसों का संचालन ही किया जा रहा था, इनकी संख्या अब धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा निर्धारित रूट पर चलने वाली नियमित ऐसी व साधारण बसों में अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इससे यात्रियों को राहत मिली है।
