गाजियाबाद

Ghaziabad New Year Advisory: गाजियाबाद में पहली बार ड्रोन से होगी न्यू ईयर की निगरानी, इन 90 पॉइंट्स पर पुलिस का सख्त पहरा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 31, 2022, 08:02 PM IST

Ghaziabad New Year Advisory: न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने इस बार शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर के अंदर नाकेबंदी करने के अलावा जिले के सभी बॉर्डर के 90 प्‍वाइंट पर पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। इनमें से ज्‍यादातर नाकों पर पुलिस टीम ब्रेथ एनालाइजर, क्रेन, एम्बुलेंस और फायर टेंडर के साथ तैनात होगी।

Image

वाहनों की जांच करते गाजियाबाद पुलिस के जवान

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • जिले के सभी बॉर्डर पर 90 से ज्‍यादा प्‍वाइंट पर नाके
  • नाइट विजन ड्रोन कैमरों से रखी जाएगी हुड़दंगियों पर नजर
  • मोबाइल फेंटम, हाईवे पेट्रोलिंग जिप्सी, यूपी-112 की गाड़ियां तैनात

Ghaziabad New Year Advisory: न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर गाजियाबाद पुलिस ने इस बार शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के अंदर नाकाबंदी करने के साथ दिल्ली व अन्‍य जिलों के बॉर्डर पर भी सख्‍ती बढ़ा दी गई है। इन बॉर्डरों पर वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए करीब 90 पॉइंट पर स्पेशल पुलिस ड्यूटी लगाई है। इन सभी प्‍वाइंट पर पुलिस पूरी रात तैनात रहेगी। इनमें से ज्‍यादातर नाकों पर पुलिस टीम ब्रेथ एनालाइजर, क्रेन, एम्बुलेंस और फायर टेंडर के साथ तैनात होगी। जिससे किसी भी अप्रिय घटना से तत्‍काल निपटा जा सके।

इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुड़दंग मचाने वाले शरारती तत्‍वों पर नकेल कसने के लिए भी गाजियाबाद पुलिस ने विशेष प्रबंध किया है। शनिवार रात पुलिस शहर के सभी प्रमुख बजारों, सड़कों और मॉल के आसपास के क्षेत्र में नाइट विजन ड्रोन कैमरों से नजर रखेगी। गाजियाबाद पुलिस को सुरक्षा व्‍यवस्‍था के लिए इस माह‍ यूपी सरकार से 15 ड्रोन मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये ड्रोन किसी अपराधी का पीछा करने में भी बहुत मददगार साबित होंगे। पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि गाजियाबाद में न्यू ईयर पर 31 दिसंबर की शाम से ही जिले में मोबाइल फेंटम, हाईवे पेट्रोलिंग जिप्सी, यूपी-112 की गाड़ियां लगातार गश्त शुरू कर देंगी।

इन जगहों पर दिखेगी पुलिस की सबसे ज्‍यादा सख्‍ती

गाजियाबाद डीसीपी दीक्षा शर्मा ने बताया, शहर के कुछ इलाकों को सुरक्षा के मामले में सेंसिटिव इलाकों में शामिल किया गया है, ऐसी जगहों पर सबसे ज्यादा सख्ती देखने को मिलेगी। इन जगहों में ट्रांस हिंडन जोन में शामिल डी मॉल, जयपुरिया मॉल, इंदिरापुरम हैबिटेट सेंटर, शिप्रा मॉल, मोहन रेजीडेंसी, ग्रीन ब्लू प्लेस, आदित्य मॉल, आईडीएम मॉल, वेब मॉल, होटल रेडिसन टॉवर, महागुन मॉल, होटल रेडिसन ब्लू, शॉप्रिक्स मॉल, सरोवर पोर्टिको, महाराजपुर, पैसिफिक मॉल, कंट्री इन, शालीमार गार्डन आदि जगह शामिल हैं। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन से इंदिरापुरम तक जाने वाले एलिवेटेड रोड पर भी जरूरत के अनुसार चीता मोबाइल और पेट्रोलिंग कार की तैनाती की जाएगी। वहीं, नेशनल हाईवे-9, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भी पुलिस का पहरा रहेगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article