गाजियाबाद

Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद के लोगों को मिली हाउस टैक्स में बड़ी छूट, जल्द उठा लीजिए मौके का फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2023, 08:36 PM IST

Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद नगर निगम हाउस टैक्स वसूली के लिए न्‍यू ईयर ऑफर लेकर आया है। जिसके तहत जनवरी माह में हाउस टैक्‍स जमा कराने वाले लोगों को पांच प्रतिशत छूट दी जाएगी। इस ऑफर के साथ निगम ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई भी शुरू की है। बकायेदारों के पानी और सीवर कनेक्‍शन काटने के अलावा प्रतिष्‍ठानों को सील किया जाएगा।

Image

गाजियाबाद नगर निगम ले आया न्‍यू ईयर ऑफर

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • नगर निगम पूरे जनवरी माह के लिए लाया न्‍यू ईयर ऑफर
  • हाउस टैक्‍स जमा कराने पर मिलेगी 5 फीसदी तक की छूट
  • ऑफर के साथ बड़े बकायेदारों पर सख्‍ती भी हुई शुरू

Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद नगर निगम अपने हाउस टैक्स कलेक्‍शन को बढ़ाने के लिए न्‍यू ईयर ऑफर लेकर आया है। जिसके तहत जनवरी में हाउस टैक्‍स जमा कराने वाले लोगों को नगर निगम पांच प्रतिशत की छूट देगा। यह योजना 2 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी,2023 तक जारी रहेगा। वहीं, निगम ने फरवरी और मार्च में टैक्स जमा करने पर मिलने वाली छूट पर रोक लगा दी है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के एक लाख से अधिक बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की गई है। इन बकायेदारों से टैक्स वसूली के लिए दो जनवरी से ही विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने इस अभियान की जिम्‍मेदारी सभी जोनल प्रभारियों को सौंपी है।

बता दें कि गाजियाबाद नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में 31 मार्च तक 276 करोड़ टैक्स वसूली का लक्ष्‍य रखा है, लेकिन अभी तक निगम सिर्फ 93 करोड़ रुपये टैक्‍स वसूली ही कर पाया है। टैक्‍स वसूली को बढ़ाने के लिए नगर निगम ने पिछले साल हाउस टैक्स जमा करने पर दस प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की थी। इस दौरान टैक्‍स कलेक्‍शन के ग्राफ में इजाफा भी हुआ था। इसलिए एक बार फिर से छूट दी है। हालांकि इस बार महज 5 फीसदी की छूट ही दी गई है। यह छूट जनवरी के पूरे महीने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से मिलेगी। जिसके बाद इस छूट को बंद कर दिया जाएगा।

घरेलू बकायेदारों के कटेंगे सीवर और पानी कनेक्‍शन

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि शहर के एक लाख से अधिक बड़े बकायेदारों की जोनवार सूची तैयार की जा रही है। सभी जोन की टीमों ने इन बकायेदारों के खिलाफ टैक्स वसूली की कार्रवाई भी शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार जनवरी माह में ही सभी बकायेदारों से वसूली का लक्ष्‍य रखा गया है। निगम द्वारा इन बकायेदारों को पहले ही टैक्‍स जमा कराने का नोटिस दिया जा चुका है। अब निगम अधिकारी नोटिस देने की जगह सीधे कार्रवाई करेंगे। घरेलू बकायेदारों के जहां सीवर और पानी कनेक्‍शन काटे जाएंगे। वहीं, व्यावसायिक प्रतिष्‍ठानों को सील कर दिया जाएगा। निगम की यह कार्रवाई पूरे माह चलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article