गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोगों की जान खतरे में पड़ गई है। दिन में लू और रात में उमस बेचैन कर रही है। अधिकतम तापमान कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। लू की चपेट में आने से लोग उल्टी-दस्त जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। उधर, सरकारी से लेकर प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ रही हैं। इस बीच गाजियाबाद में डरावनी तस्वीर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में गर्मी की चपेट से 42 लोगों की मौत हो चुकी है।
गाजियाबाद जिला अस्पताल
तीन दिन में मौतों का ग्राफ बढ़ा
गाजियाबाद में पिछले कुछ दिनों में गर्मी से मौतों के मामले आए सामने हैं। पिछले तीन दिनों में 42 से ज्यादा मरीज या तो मृत अवस्था में ले गए या अस्पताल में आने के बाद उनकी मृत्यु हो गई। सीएमएस राकेश कुमार ने बताया पिछले तीन दिनों में काफी संख्या में ऐसे मरीज आए हैं जो गंभीर अवस्था में यहां पर लाए गए। उनमें से कई मृत अवस्था में पहुंचे। ज्यादातर लोगों में बुखार के साथ उल्टी दस्त जैसी शिकायत देखने को मिली। कहा जा सकता है लू लगने या हीटवेव के कारण उनकी मृत्यु हुई हैं।
मृत अवस्था में अस्पताल पहुंच रहे मरीज
सीएमएस ने बताया कि 17 जून को 6 मरीजों को एडमिट किया गया और 10 ब्रॉड डेड आए थे। 18 तारीख को 9 मरीज लाए गए, जिनमें कुछ की मृत्यु हो चुकी थी, जो गंभीर स्थिति में थे उनको भर्ती किए गया। 19 जून को छह मरीज मृत अवस्था में लाए गए। गाजियाबाद जिला अस्पताल के सीएमएस राकेश कुमार ने कहा फिर से कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में बेहद आवश्यक काम हो तभी घर से बाहर निकलें। अन्यथा न निकले। खासकर अपने साथ पानी और ओआरएस का घोल सेवन करते रहें। इसके अलावा फुल बाजू के कपड़े और गमछा इत्यादि से सिर ढक कर ही निकलें।
गर्मी का रेड अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी से बचाव के लिए लगातार सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है। सीएमएस राकेश कुमार ने कहा कि जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं पूरी तरह से दुरुस्त हैं। हर वार्ड में कूलर की व्यवस्था है और हीटवेव को लेकर हीटवेव वॉर्ड बनाए गए हैं, जहां पर सभी हीटवेव वॉर्ड में एयर कंडीशन लगाया गया है। समय-समय पर ओआरएस का घोल भी आने वाले मरीजों को दिया जा रहा है।
