Ghaziabad: फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद कॉरिडोर (एफएनजी कॉरिडोर) को अब एक नए एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी हो रही है। इसे कॉरिडोर को निर्माणाधीन दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ जोड़ा जाएगा। एफएनजी कॉरिडोर के इस एक्सप्रेसवे के साथ जुड़ने से दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद के लोग भी कुछ ही घंटे में सीधे देहरादून और हरिद्वार पहुंच सकेंगे। एफएनजी और एक्सप्रेसवे को आपस में लिंक करने की जानकारी सड़क परिवहन, राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री रि. जनरल वीके सिंह ने एक कार्यक्रम में दी। उन्होंने कहा कि इस योजना पर काम चल रहा है। लखनऊ में मध्य फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होने वाली है। जिसमें इस योजना को रखा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि, इस शहर के लिए बेहद खुशी की बात है कि, यहां पर निवेशकों द्वारा विभिन्न क्षेत्र में निवेश के 2777 प्रस्ताव दिए हैं। इनका कुल लागत 92,971 करोड़ रुपये है। इस निवेश से गाजियाबाद के अंदर चार लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वीके सिंह ने कहा कि निवेशक हमेशा निवेश से पहले अच्छी कनेक्टिविटी को देखते हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद और कानपुर जैसे यूपी के दो बड़े औद्योगिक शहरों को जोड़ने के लिए पहले से ही एक गलियारा बनाने पर कार्य चल रहा है। इससे गाजियाबाद को दिल्ली एनसीआर के अलावा यूपी में व्यापार का हब बनेगा।
