Ghaziabad Double Murder: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लोकप्रिय विहार इलाके में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी और 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस जानलेवा हमले में आरोपी की छोटी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
खोड़ा के लोकरप्रिय विहार की वारदात
चौथी मंजिल पर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजा अंसारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है। राजा अंसारी अपने परिवार के साथ खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की गली नंबर 3 में एक मकान की चौथी मंजिल पर किराए पर रहता है। देर रात पुलिस को मिली सूचना: शुक्रवार की देर रात पुलिस को लोकप्रिय विहार में खूनी वारदात की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खोड़ा पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो कमरे के अंदर आरोपी की पत्नी बीबी तबस्सुम और 15 वर्षीय बेटी सना तबस्सुम खून से लथपथ हालत में मृत पड़ी थीं। हमले में राजा अंसारी की छोटी बेटी रूबी तबस्सुम भी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। ACP इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि खोड़ा के लोकप्रिय विहार में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल छोटी बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
