शहर

'ईंधन बचाने' ट्रेन से पहुंचे मंत्री, पर सरकारी गाड़ी भी पहुंची पटना से जमुई; विपक्ष बोला- 'यह सिर्फ दिखावा राजनीति'

Sanjay Singh Jamui Visit: जमुई के प्रभारी मंत्री संजय सिंह ईंधन बचाने का संदेश देते हुए ट्रेन से पहुंचे, लेकिन उनकी सरकारी गाड़ी पटना से सड़क मार्ग से अलग से जमुई पहुंची। इसको लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए और इसे दिखावा राजनीति बताया।

Sanjay Singh Jamui Visit: बिहार सरकार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री (Bihar Minister News) और जमुई के प्रभारी मंत्री संजय सिंह मंगलवार को पहली बार जिले के दौरे पर पहुंचे। वह 'सहयोग शिविर' कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रेन से जमुई पहुंचे। स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ईंधन बचाने की अपील की है, इसलिए उन्होंने ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया।

ईंधन की बचत आज के समय की जरूरत-मंत्री

मंत्री ने कहा कि ईंधन की बचत आज के समय की जरूरत है और जनप्रतिनिधियों को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। शुरुआत में लोगों ने मंत्री के इस कदम को सादगी और जागरूकता से जोड़कर देखा। लेकिन कुछ ही देर बाद यह मामला चर्चा में आ गया। वजह यह रही कि मंत्री भले ही ट्रेन से जमुई पहुंचे, लेकिन उनकी सरकारी गाड़ी पटना से सड़क मार्ग के जरिए पहले ही जमुई पहुंच चुकी थी।

विपक्ष ने कहा- यह सिर्फ दिखावा और ढकोसला

इसके बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि अगर सरकारी वाहन खाली ही पटना से जमुई आया, तो फिर ईंधन की बचत कैसे हुई।

सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। विपक्षी दलों ने इसे लेकर सरकार और मंत्री पर निशाना साधा। राजद जिला अध्यक्ष त्रिवेणी यादव ने कहा कि यह सिर्फ दिखावा है। उनके अनुसार जनता को सादगी का संदेश देने की कोशिश की जा रही है, जबकि हकीकत कुछ और है।

उन्होंने कहा कि अगर सच में ईंधन बचाना उद्देश्य होता, तो सरकारी वाहन को भी पटना से नहीं भेजा जाता। मंत्री संजय सिंह के ट्रेन से आने और सरकारी गाड़ी के अलग से पहुंचने की तस्वीरें और वीडियो अब जिले में चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग इसे राजनीति में दिखावे और वास्तविकता के फर्क के रूप में देख रहे हैं। बता दें कि संजय सिंह बिहार सरकार में लोजपा (रामविलास) कोटे से मंत्री हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article