शहर

बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला मामला; 5 साल के मासूम पर राहगीर ने किया बेरहमी से हमला

बेंगलुरु के त्यागराजनगर इलाके में इस सप्ताह एक सनसनीखेज घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि एक राह चलते व्यक्ति ने दादी के घर के पास खेल रहे पांच साल के मासूम बच्चे पर बेरहमी से हमला कर दिया। सीसीटीवी में कैद इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

पांच साल के बच्चे पर अजनबी ने किया हमला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bengaluru Child Assault: कर्नाटक की राजधानी के बेंगलुरु के त्यागराजनगर इलाके में इस हफ्ते की शुरुआत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि एक राहगीर ने दादी के घर के पास बैडमिंटन खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। आरोपी की पहचान रंजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंजन टोपी पहनकर अपने घर से बाहर निकला, बच्चे को हाथ में शटल बैट पकड़े देखा और अचानक उसके पास दौड़ते हुए पहुंचा। इसके बाद उसने बच्चे की पीठ पर फुटबॉल की तरह जोरदार लात मारी और वहां से चला गया। हमले के कारण बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना में बच्चे की भौंह के ऊपर से खून निकल आया, जबकि हाथों और पैरों में भी खरोंचें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज

घटना के समय वहां मौजूद बड़े बच्चों ने तुरंत इस बारे में बच्चे के माता-पिता को जानकारी दी। पास की एक इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें आरोपी को अपने घर से बाहर आते हुए और बच्चे को लात मारते हुए देखा जा सकता है। बच्चे की मां उसी दिन न्याय की मांग करते हुए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की अपील के साथ पुलिस के पास पहुंचीं। हालांकि, पुलिस ने शुरुआत में इस शिकायत को गैर-संज्ञेय रिपोर्ट (एनसीआर) के रूप में दर्ज किया, जिसमें प्रारंभिक जांच की आवश्यकता होती है।

बच्ची के सिर पर किया वार

बच्चे की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी इलाके में लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के लिए कुख्यात है। 13 दिसंबर को सीसीटीवी में कैद एक अन्य घटना में भी उसी व्यक्ति को सड़क किनारे चल रही एक छोटी बच्ची के सिर पर कोहनी मारते हुए देखा गया। बताया गया कि आरोपी पीछे से आया और अचानक बच्ची के सिर पर वार कर दिया।

बाइक से कुचलने की कोशिश

इसी शाम की एक तीसरी फुटेज में आरोपी को अपनी बाइक से एक लड़की को कुचलने की कोशिश करते हुए भी देखा गया, हालांकि आशंका है कि उस घटना में लड़की को चोट नहीं लगी। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी मानसिक समस्या से पीड़ित है। अदालत की अनुमति के बाद बनशंकरी पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article