कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक मैरिज लॉन में उस समय हड़कंप मच गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी शादी रुकवाने के लिए मौके पर पहुंच गई। महिला ने खुद को युवक की कानूनी पत्नी बताते हुए दावा किया कि दोनों का अब तक तलाक नहीं हुआ है। लेकिन उसका पति दूसरी शादी करने जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शादी की रस्में रुकवा दीं।
2022 में हुई थी दोनों की शादी
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2022 में हुई थी और 2024 में विदाई हुई थी। जिसके कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और अब तक दोनों का कानूनी तौर पर तलाक नहीं हुआ है। महिला के अनुसार, उसे पति की दूसरी शादी के बारे में उसके पड़ोसी से पता चला। इसके बाद उसने पति और ससुराल पक्ष के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन का जवाब नहीं दिया। जिसके बाद वह अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंची और शादी का विरोध शुरू कर दिया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह में मौजूद मेहमानों और बारातियों में हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे तक मौके पर हंगामा चलता रहा। मामले की सूचना मिलने पर चकेरी थाना पुलिस पहुंची। पुलिस दूल्हे को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई और दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत व सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला से लगातार संपर्क में था पति
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति लगातार उससे व्हाट्सएप पर बातचीत करता रहा। दोनों की समय-समय पर मुलाकात भी होती रही है, ऐसे में बिना तलाक दूसरी शादी करना कानून के खिलाफ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
