शहर

यूपी के इस गांव में खुलेआम गुंडागर्दी, फिल्मी स्टाइल में तमंचा लेकर लोगों के पीछे दौड़ा आरोपी; देखें Video

फिरोजाबाद के गांव नगला गेहूं में एक युवक ने दो साथियों के साथ तमंचा लहराकर गुंडागर्दी की। इस दौरान आरोपियों ने कई लोगों से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Image

फिरोजाबाद में तमंचा लहराकर युवकों ने मचाया आतंक

Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से गुंडागर्दी और रंगबाजी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां कुछ युवकों ने खुलेआम फिल्मी स्टाइल में इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की। आरोप है कि एक युवक अपने दो साथियों के साथ गांव में आया और खौफ दिखाने के लिए देसी तमंचा लहराने लगा। इस दौरान उसने लोगों के साथ मारपीट भी की।

घटना का वीडियो वायरल

यह घटना थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला गेहूं में हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान राहुल यादव के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दो दोस्तों के साथ गांव में पहुंचा और रंगबाजी दिखाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब एक व्यक्ति ने उसका विरोध किया तो आरोपी देसी तमंचा लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा। इस दौरान आरोपी और उसके साथियों ने वहां मौजूद कई लोगों के साथ मारपीट भी की, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विरोध करने पर तमंचा लेकर पीछे दौड़ा दबंग

वायरल वीडियो में आरोपी खुलेआम हथियार लहराते और लोगों को धमकाते नजर आ रहा है। वहीं उसके साथी बाइक पर सवार दिखाई दे रहे हैं, वीडियो में आरोपी लोगों के साथ मारपीट करते हुए भी देखे जा सकते हैं। इस घटना से गांव के लोग दहशत में हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले का संज्ञान लिया।

फिरोजाबाद पुलिस ने राहुल यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article