Sultanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में दोस्तपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रायबरेली से आजमगढ़ की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप में सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा शुक्रवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 153.500 किलोमीटर चिन्ह के पास घने कोहरे के कारण हुआ।
टक्कर लगते ही पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी घायल मजदूरों को तत्काल दोस्तपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अम्बेडकर नगर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान अम्बेडकर नगर जिला अस्पताल में एक अन्य मजदूर ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रायबरेली जिले के गंभीरपुर गांव निवासी अजय कुमार (30), किशन पाल (30) और रजोली (35) के रूप में हुई है। पिकअप चालक वीरू ने बताया कि वह रायबरेली से कुल 14 मजदूरों को लेकर आजमगढ़ जा रहा था, तभी पीछे से एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दोष्तपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
