Faridabad: नववर्ष 2023 का आगाज हो चुका है। यह साल औद्योगिक नगरी फरीदाबाद को विकास के नए रास्ते पर ले जाने के लिए अपने साथ कई बड़ी सौगात लेकर आया है। इस साल शहर में चल रहे कई ऐसे प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं, जो इस शहर को नई पहचान देंगे। विगत वर्षों में शुरू हुए ये सभी विकास कार्य शिक्षा, खेल और पर्यटन से जुड़े हैं। इनका फायदा छोटे बच्चों से लेकर आम लोगों तक को मिलेगा। इसके अलावा कई ऐसे प्रोजेक्ट भी हैं जो इस साल शुरू होंगे। आइए जानते हैं इस साल पूरे होने वाले तीन अहम प्रोजेक्ट के बारे में।
शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि
फरीदाबाद को शिक्षा के क्षेत्र में इस साल कई बड़ी सौगात मिलने वाली है। हरियाणा सरकार द्वारा तिगांव, अहरवां और दयालपुर में बनाए जा रहे नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा। इनका निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था। इसके अलावा सेक्टर-12 के टाउन पार्क में बन रही अटल लाइब्रेरी भी इसी साल तैयार हो जाएगी। इसका लाभ शहर के पुस्तक प्रेमियों को मिलेगा। वहीं, नचौली, मोहना और बल्लभगढ़ में इस साल कॉलेज भवन का निर्माण शुरू होगा।
शहर का पहला इंडोर स्टेडियम
इस साल जिले के खिलाड़ियों को पहले इंडोर स्टेडियम की सौगात मिलेगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा 24 करोड़ की लागत से सेक्टर-31 में बनाए जा रहे इस इंडोर स्टेडियम का निर्माण पूरा हो गया है। अब इसे खेल विभाग को सौंपने की तैयारी चल रही है। इस इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को टेबल टेनिस, तलवारबाजी, जिम्नास्टिक, बैडमिंटन और बास्केटबॉल जैसे खेलों की सुविधाएं मिलेगी। हाल ही में जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने इस स्टेडियम के निर्माण कार्य की समीक्षा कर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिया था। अधिकारियों का दावा है कि, फरवरी माह से खिलाड़ी इस स्टेडियम में खेल सकेंगे।
बड़खल झील बनेगी मरीन ड्राइव
पर्यटन के क्षेत्र में भी यह साल फरीदाबाद के लिए नई सौगात लेकर आ रहा है। यहां की बड़खल झील को हरियाणा सरकार मरीन ड्राइव की तरफ डेवलप कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि, इसके शुरू होने के बाद यह दिल्ली-एनसीआर का सबसे आकर्षक पर्यटन स्थल बनेगा। अधिकारियों का दावा है कि, इस झील का 70 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। इस वर्ष के मध्य तक इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। बता दें कि, यह झील पिछले दो दशक से सूखी पड़ी थी। जब झील का अस्तित्व समाप्त हुआ तो पर्यटन प्रेमी भी यहां से विमुख हो गए।
