फरीदाबाद

Faridabad Crime: रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया इंस्पेक्टर तो निगल गया 4000 रुपए

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 13, 2022, 02:59 PM IST

Faridabad Police: फरीदाबाद में एक सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए विजिलेंस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर ने रिश्वत का पैसा विजिलेंस की टीम को देखकर मुंह से निगल गया। उसने विजिलेंस विभाग की टीम से धक्का-मुक्की भी की। विजिलेंस टीम और सब इंस्पेक्टर के बीच हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

फरीदाबाद में रिश्वत लेते रंगे हाथ इंस्पेक्टर गिरफ्तार

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • भैंस चोरी के मामले में ले रहा था रिश्वत
  • रिश्वत के पैसे निगलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
  • विजिलेंस विभाग की टीम ने सब इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार


Faridabad News: फरीदाबाद से रिश्वत लेने का बेहद अनोखा मामला सामने निकलकर आया है। फरीदाबाद में भैंस चोरी के एक मामले में कार्रवाई करने की एवज में शिकायतकर्ता से सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग की थी। लेकिन उसे विजिलेंस विभाग ने 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। हैरानी तो तब हुई जब सब इंस्पेक्टर विजिलेंस की टीम के सामने ही पूरे रुपये निगल गया। साथ ही सब इंस्पेक्टर ने उनसे धक्का-मुक्की भी की।

बता दें कि, वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-3 में तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र पाल के खिलाफ विजिलेंस की टीम को एक शिकायत मिली थी। शिकायत यह थी कि, वह भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई की एवज में पीड़ित शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा है। विजिलेंस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और सब इंस्पेक्टर को 4000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया।

10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शंभू नाथ ने बताया है कि, उसके घर से रविवार की देर रात किसी ने भैंस चुरा ली थी। अगले दिन सोमवार को शंभू नाथ इसकी शिकायत लेकर सेक्टर-3 पुलिस चौकी पहुंचा था। वहां ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र ने कार्रवाई करने की एवज में उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। दोनों के बीच 10 हजार रुपये में बात तय हो गई थी। जिसके बाद शंभू नाथ ने पहले रिश्वत के 6 हजार रुपये सब इंस्पेक्टर को दिए। शंभू ने सब इंस्पेक्टर से कहा कि, उसके पास अब और रुपये नहीं हैं। लेकिन सब इंस्पेक्टर महेंद्र ने उससे और 4 हजार रुपये की मांग की। इससे परेशान होकर पीड़ित शंभू ने विजिलेंस विभाग में इसकी जानकारी दी।

टीम को देखते ही निगला पैसा

जानकारी के लिए बता दें कि, प्लानिंग के तहत फिर शंभू नाथ 4 हजार रुपये लेकर उस जगह पहुंच गया जहां सब इंस्पेक्टर ने उसे बुलाया था। जैसे ही शंभू नाथ ने सब इंस्पेक्टर को 4 हजार दिए, विजिलेंस की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम को देखते ही सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत के रुपयों को निगल लिया। इसके बाद वह विजिलेंस की टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। लेकिन टीम ने इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी सब इंस्पेक्टर का मेडिकल कराया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article