Faridabad: फरीदाबाद के लिए बड़ी खुशखबरी है। फरीदाबाद जिले को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण के साथ करीब दो साल नौ महीने की फाइट के बाद फरीदाबाद ने यह उपलब्धि हासिल की है। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को जारी कोरोना बुलेटिन में बताया गया है कि, जिले में अब एक भी कोरोना का सक्रिय मरीज नहीं है। पिछले एक सप्ताह की जांच में सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। साथ ही जो एक्टिव केस थे, वे भी अब नेगेटिव हो गए। जिसके बाद जिले को कोरोना संक्रमण मुक्त घोषित कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार से फरीदाबाद हरियाणा के कोरोना मुक्त जिलों में शामिल हो गया।
बता दें कि, मार्च 2020 में कोरोना संक्रमण फैलने के बाद से फरीदाबाद ने बहुत उतार चढ़ाव देखे। लाकडाउन के समय लाखों प्रवासी मजदूरों का पलायन हो या फिर अस्पतालों में इलाज के लिए धक्के खाते मरीजों की लंबी लाइन। यहां के लोगों ने बहुत कुछ झेला और हर परिस्थित का मजबूती से सामना किया। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, फरीदाबाद में अब तक कोरोना के 99,902 केस मिले। इसमें से 716 लोगों की मौत हो गई। इन मरीजों में से 99,188 लोगों ने रिकवर किया। फरीदाबाद में कोरोना से मृत्यु दर 0.7% रहा है।
