Faridabad: फरीदाबाद के सेक्टर-30 में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। यह स्टेडियम अब बनकर तैयार हो चुका है। हरियाणा खेल विभाग ने इस स्टेडियम के हैंड ओवर की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है, जिसे दो हफ्तों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद फरीदाबाद के इस पहले इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ी प्रेक्टिस कर सकेंगे। खेल विभाग ने हैंड ओवर से संबंधित सभी प्रक्रिया को तय समय में पूरा करने को कहा है। खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस स्टेडियम को शुरू करने के लिए अभी 15 फरवरी की तारीख तय की गई है। अगर सभी कार्य तय समय पर पूरा हो गया तो इसे खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा।
बता दें कि, मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सेक्टर-30 में विश्वस्तरीय सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्टेडियम का निर्माण वर्ष 2019 में 24 करोड़ रुपये के बजट से शुरू किया गया था। करीब दो एकड़ में बन रहे इस स्टेडियम को वर्ष 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कोरोना के कारण लंबे समय तक निर्माण कार्य बंद रहा। हालांकि अब यह पूरी तरह से तैयार हो गया है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि, जिला उपायुक्त ने एक जनवरी से स्टेडियम में खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद खेल विभाग की तरफ से टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, तलवारबाजी के प्रशिक्षकों की ड्यूटी भी लगा दी गई है, बाकि प्रशिक्षकों की ड्यूटी भी जल्द लगाई जाएगी।
