Faridabad: फरीदाबाद जिले में गर्भपात की प्रतिबंधित दवाई बेचने के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। यहां संजय कॉलोनी में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर यह दवाई बेची जा रही थी। गर्भपात की प्रतिबंधित दवा देने के बदले स्टोर संचालक लोगों से मोटा पैसा वसूल करता था। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ट्रैप लगाकर इस स्टोर संचालक को रंगे हाथ दबोचने में सफलता पाई है। टीम के सदस्य ने इस आरोपी स्टोर संचालक से ग्राहक बनकर संपर्क किया था और पैसे देकर दवाई मिलते ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से टीम की ओर से दिए गए 1000 रुपये भी बरामद किए है। साथ ही स्टोर के अंदर से भारी मात्रा में गर्भपात करने की दवाई भी जब्त की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक महेंद्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिली थी कि संजय कॉलोनी में मेडिकल स्टोर चलाने वाला महेंद्र यहां पर बिना किसी डॉक्टर की सलाह के अवैध तरीके से गर्भपात करने की प्रतिबंधित दवाई बेचता है। इसके बदले वह लोगों से मुंह मांगा पैसा वसूल करता था। जानकारी पुख्ता करने के बाद जांच और कार्रवाई के लिए एक टीम तैयार की गई।
