उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पूर्व मंत्री मदन चौहान बाल-बाल बच गए हैं। हमलावरों की गन ऐन वक्त पर जाम कर गई और गोली नहीं चल पाई। इस मामले में यूपी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभी तक हमलावर को नहीं पकड़ पाई है।
कहां हुआ मदन चौहान पर हमले की कोशिश?
उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मदन चौहान हापुड़ जिले में उस समय बाल-बाल बच गए, जब कार सवार युवकों ने कथित तौर पर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया। हालांकि हमलावर की पिस्तौल नहीं चली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, यह घटना हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेशर थाना क्षेत्र की है। मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
शादी में शामिल होने गए थे मदन चौहान
पुलिस ने बताया कि मदन चौहान सोमवार को अपनी कार से हिरणपुरा गांव जा रहे थे, जहां उन्हें एक परिचित के सगाई समारोह में शामिल होना था। जैसे ही वह गांव में प्रवेश करने लगे, तभी रास्ते में हथियारों से लैस कुछ कार सवार युवक खड़े मिले। चौहान के अनुसार, उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते पिस्तौल से गोली नहीं चल पाई। इसी दौरान चौहान के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एएसपी ने कहा कि घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मदन चौहान सुरक्षित हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
