शहर

उत्तर भारत में कोहरे का सितम: उड़ानों पर लगा ब्रेक, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जारी की एडवायजरी

उत्तर भारत में कोहरे ने कोहराम मचा रखा है। विजिबिलिटी कम होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क यातायात के साथ रेल और हवाई यातायात पर बहुत असर पड़ रहा है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने के कारण कई उड़ानें रद्द हुई है। इस स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एडवाइजरी जारी की है।

Image

उत्तर भारत में कोहरे के कारण हवाई उड़ान प्रभावित (Photo Canva)

उत्तर भारत में मौसम की चाल बदली हुई है। उत्तर भारत के कई राज्य कोहरे की सफेद चादर में लिपटे हुए हैं, जिसके कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं तो कई को रद्द करना पड़ा है। उसी प्रकार फ्लाईट की उड़ानों भी तय समय से देरी हो रही है और कई फ्लाइट रद्द करनी पड़ी है। कोहरे और विजिबिलिटी को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की ओर से रविवार को एक एडवाइजरी जारी कर फ्लाइट ऑपरेशन में देरी और बदलाव की चेतावनी दी गई। एएआई का कहना है कि कम विजिबिलिटी के कारण ऑपरेशन में देरी और बदलाव की संभावना है, क्योंकि उत्तर भारत में घना कोहरा छाया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में एएआई ने कहा, "उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे की स्थिति विजिबिलिटी को प्रभावित कर रही है और चुनिंदा एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में देरी या बदलाव हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी एयरलाइंस से आधिकारिक चैनलों के माध्यम से फ्लाइट अपडेट चेक करें और एयरपोर्ट यात्रा और फॉर्मेलिटी के लिए अतिरिक्त समय दें। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने प्रभावित एयरपोर्ट पर ऑन-ग्राउंड सपोर्ट देने के लिए पैसेंजर सहायता टीमें तैनात की हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

एयरलाइंस का कस्टमर सपोर्ट नंबर

एएआई द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एडवाइजरी में विभिन्न एयरलाइंस के कस्टमर सपोर्ट नंबर भी जारी किए गए हैं, जो इस प्रकार है -

इंडिगो (IndiGo) - 01244973838

एयर इंडिया (Air India) - 011 6932 9333

स्पाइस जेट (SpiceJet) - +91 (0)124 4983410 & +91 (0)124 7101600

एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) - +91 124 443 5600, +91 124 693 5600

अकासा एयर (Akasa Air) - 9606112131

एलायंस एयर (Alliance Air) - 044-35113511

बेंगलुरु और अमृतसर में भी फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित

इंडिगो ने 'एक्स' पोस्ट पर एक बयान में कहा, "बेंगलुरु और अमृतसर में कम विजिबिलिटी और कोहरे ने फ्लाइट शेड्यूल को प्रभावित किया है। हम मौसम पर कड़ी नज़र रख रहे हैं और आपको सुरक्षित और सुचारू रूप से आपकी मंजिल तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी फ्लाइट की स्थिति के बारे में अपडेट रहें। कृपया निश्चिंत रहें कि हमारी टीमें हर कदम पर आपकी सहायता करने और पूरा समर्थन देने के लिए यहां हैं।"

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, इंडिगो ने आगे कहा कि हमें उम्मीद है कि जल्द ही आसमान साफ हो जाएगा और हम आपकी बेहतर सेवा कर पाएंगे, और इस मुश्किल समय में आपके धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद। बता दें कि इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी, जिससे विजिबिलिटी और कम हो गई और प्रदूषण बढ़ गया। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ के बड़े हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर और खराब हो गया। एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच गया, क्योंकि घने स्मॉग, गिरते तापमान और घने कोहरे ने उत्तर भारत के बड़े हिस्सों को ढक लिया था।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article