शहर

Aligarh: थाने पर 'तक धिना-धिन', DJ पर लड़कों ने लचकाई कमर; Video देख उड़ी पुलिस की नींद

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित दादों थाने परिसर में बाहरी व्यक्तियों का डीजे पर डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस उक्त लोगों पर कार्रवाई की बात कह रही है।

Image

दादों थाने में डांस

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

अलीगढ़: दादों थाने में डीजे पर डांस करने का वीडियो सामने आया है। किसी ने वायरल वीडियो पुलिस के आला अधिकारियों को टैग कर ट्वीट कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई कर डीजे को सीज कर दिया। सीओ का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ लोग थाने के अंदर डीजे पर डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो दो दिन पूर्व का बताया जा रहा है।

किसान अधिकार सेना के कार्यकर्ताओं ने किया डांस

दरअसल, किसान अधिकार सेना (Kisan Adhikar Sena) के कुछ कार्यकर्ता किसी जमीन के मामले में थाना दादों में ज्ञापन देने आए थे। वह अपने साथ माइक और डीजे भी साथ लाए थे। ज्ञापन देने के बाद उनमें से कुछ लोग थाने के अंदर ही डीजे बजाकर डांस करने लगे। हैरानी की बात थी कि थाने के स्टाफ को आवाज नहीं सुनाई दी। वहां से पुलिसकर्मी नदारद दिखाई दिए। इसी दौरान किसी ने थाना परिसर के अंदर डीजे पर डांस का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो को किसी शख्स ने बड़े-बड़े अधिकारियों को ट्वीट कर दिया, जिसके बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। तत्काल मामले में कार्रवाई करते हुए थाना दादों पुलिस ने डीजे को सीज कर दिया और जो लोग वीडियो में डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की।

कार्रवाई के लिए टीम गठित

सीओ छर्रा रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि ट्वीट के जरिए मामला संज्ञान में आया है। एक जमीन संबंधित विवाद में थाने आए लोगों ने यह हरकत की है। इसमें राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर दिया गया है और मामले का निस्तारण किया जा रहा है। इसमें जो ट्वीट में डीजे दिख रहा है, उसको दादों पुलिस ने सीज कर दिया गया है। उसमें जो व्यक्ति दिख रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article