Delhi News: रविवार को दिल्ली के हवाई अड्डे पर घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। इस कारण कुल 110 उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिनमें 59 आगमन और 51 प्रस्थान उड़ानें शामिल थीं। एक अधिकारी के अनुसार, खराब मौसम का असर पूरे दिन बना रहा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 डॉट कॉम के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 370 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जबकि उड़ानों के प्रस्थान में औसतन करीब 26 मिनट की देरी दर्ज की गई।
दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डीआईएएल ने शाम के समय जारी एक बयान में बताया कि हवाई अड्डे पर संचालन सामान्य रूप से जारी है। डीआईएएल ही इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) का प्रबंधन करता है, जो देश का सबसे व्यस्त और बड़ा हवाई अड्डा माना जाता है, जहां रोजाना लगभग 1,300 उड़ानों का आवागमन होता है।
हालांकि, घने कोहरे की वजह से बीते कुछ दिनों से दिल्ली सहित अन्य हवाई अड्डों पर उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और संचालन में रुकावटें देखी जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
(इनपुट - भाषा)
