Delhi Weather Updates: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आधिकारिक तौर पर मानसून ने बीती 2 जुलाई को ही दस्तक दे दी थी, लेकिन दिल्लीवालों के लिए यह सीजन अब तक राहत से ज्यादा आफत और भारी उमस लेकर आया है। हालांकि, सोमवार सुबह से मौसम का मिजाज कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार के लिए दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और राजधानी के अधिकांश हिस्सों में मध्यम स्तर की बारिश देखने को मिल सकती है।
आज दिल्ली में येलो अलर्ट
आखिर मानसून आने के बाद भी क्यों तप रही दिल्ली
दिल्लीवाले पिछले कुछ दिनों से लगातार पूछ रहे हैं कि मानसून आने के बाद भी झमाझम और लगातार होने वाली मानसूनी बारिश क्यों नदारद है? दरअसल, मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulations) और ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मानसून की ट्रफ रेखा मध्य भारत की तरफ खिंच गई थी। इसी वजह से दिल्ली और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मानसूनी बारिश कम हो गई और उमस बढ़ गई। लेकिन अब राहत की बात यह है कि यह ट्रफ रेखा दोबारा दिल्ली और भारत-गंगा के मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ रही है, जिससे अब लगातार और अच्छी मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
सुबह-सुबह लुढ़का पारा, रिज क्षेत्र रहा सबसे ठंडा
सोमवार की सुबह दिल्लीवासियों के लिए अपेक्षाकृत काफी ठंडी और राहत भरी रही। दिल्ली का मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.9 डिग्री और पिछले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के तापमान की बात करें तो रिज क्षेत्र सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया:
रिज क्षेत्र: 24 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.4 डिग्री कम)
पालम: 26 डिग्री सेल्सियस
आयानगर: 27.4 डिग्री सेल्सियस
लोधी रोड: 27.8 डिग्री सेल्सियस
आईएमडी के मुताबिक, आज सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटों में कहां कितनी हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सोमवार सुबह 8:30 बजे तक पालम में 16.4 मिलीमीटर (सबसे अधिक), रिज में 11.1 मिलीमीटर, आयानगर में 8.2 मिलीमीटर, सफदरजंग में 6.4 मिलीमीटर और लोधी रोड में 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
