शहर

दिल्ली में होने वाले दो अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों से पहले बड़ा ट्रैफिक अलर्ट, इन रास्तों पर पड़ेगा असर; जानें लेटेस्ट एडवाइजरी

दिल्ली में 28 मई से 1 जून तक होने वाले दो बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 19 मई को होने वाली रिहर्सल के दौरान दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है।

Image

जानें क्या है दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की लेटेस्ट एडवाइजरी

Photo : iStock

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में 28 मई से 1 जून तक होने वाले दो बड़े अंतरराष्ट्रीय समिट पहला International Big Cat Alliance Summit और दूसरे India–Africa Forum Summit को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 19 मई को रिहर्सल के दौरान खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोनों कार्यक्रम भारत मंडपम में आयोजित होंगे। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मंगलवार 19 मई को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रिहर्सल होगी, जिसके चलते नई दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रह सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रूट की जानकारी जरूर लें और घर से सामान्य दिनों के मुकाबले कम से कम 30 मिनट पहले निकलें। पुलिस के अनुसार रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग दोनों दिशाओं में चालू रहेंगे और इन्हें सबसे सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बताया गया है।

क्या है दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी?

एडवाइजरी के मुताबिक उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच आने-जाने वाले लोगों को राजघाट और सराय काले खां होते हुए रिंग रोड इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं पश्चिमी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वालों के लिए धौला कुआं, मोती बाग और भीकाजी कामा प्लेस वाला रूट सुझाया गया है। पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लोग सराय काले खां और बारापुला-अश्रम चौक कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकते हैं। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए NH-8 और गुरुग्राम रोड खुला रहेगा।

रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग से ही एंट्री

ट्रैफिक पुलिस ने साफ-साफ कहा है कि नई दिल्ली में एंट्री मुख्य रूप से रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग से ही करने की सलाह दी गई है, क्योंकि एसपी मार्ग और मथुरा रोड प्रभावित रह सकते हैं या कुछ समय के लिए बंद किए जा सकते हैं। तिलक मार्ग के W-पॉइंट पर जाने वालों को सिकंदरा रोड या डीडीयू मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है। वहीं कनॉट प्लेस और राजीव चौक जाने वाले लोग संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और बाराखंभा रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे। अस्पताल जाने वाले लोगों को राहत देते हुए पुलिस ने कहा है कि आरएमएल अस्पताल के आसपास मेडिकल ट्रैफिक को प्राथमिकता दी जाएगी और शेख अब्दुल रहमान मार्ग से अस्पताल पहुंचा जा सकेगा। वहीं सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और पटियाला हाउस कोर्ट जाने वाले लोगों के लिए तिलक मार्ग खुला रहेगा।

भारत मंडपम आने वाले लोगों के लिए खास व्यवस्था

भारत मंडपम आने वाले लोगों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। पार्किंग भैरों मंदिर के पास होगी, जहां से लोग गेट नंबर 4 और 10 से एंट्री कर सकेंगे। ओला, उबर, रैपिडो और भारत टैक्सी जैसी कैब सेवाओं का पिकअप और ड्रॉप भी इन्हीं गेटों के पास रहेगा। साथ ही पार्क एंड राइड शटल सेवा भी उपलब्ध रहेगी, जो मेट्रो स्टेशन और बस स्टॉप तक लोगों को पहुंचाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है, ताकि कार्यक्रम स्थल तक जल्दी पहुंचा जा सके।

मदद के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन और व्हाट्सऐप नंबर जारी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि लोग मैप्स ऐप का इस्तेमाल करें, ताकि डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रियल टाइम में मिलती रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों का कार्यक्रम में शामिल होने का प्लान नहीं है, वे भारत मंडपम के आसपास के रास्तों से बचें। किसी भी मदद के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन 1095 और व्हाट्सऐप नंबर +91-8750871493 जारी किया गया है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article