दिल्ली

Delhi: महिला पायलट और पति की भीड़ ने जमकर की पिटाई, 10 साल की नौकरानी को किया था टॉर्चर

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 19, 2023, 02:53 PM IST

वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग महिला पायलट को बाल से खींचते हुए पीट रहे हैं। उसे बचाने आए पति को भी लोगों ने पीटा।

Image

Delhi: Woman pilot beaten

Photo : ANI

Woman Pilot Beaten: दिल्ली के द्वारका इलाके से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर घरेलू काम करने वाली 10 साल की छोटी बच्ची को बुरी तरह प्रताड़ित करने का एक मामला सामने आया है। इसके बाद इलाके के लोगों ने आरोपी महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी। दरअसल, बच्ची पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे बुरी तरह टॉर्चर किया गया था। उसके साथ बुरी तरह मारपीट के अलावा कई जगह से जलाया भी गया था।

बच्ची भागने में हुई कामयाब

इसके बाद बच्ची किसी तरह घर से भागने में कामयाब हो गयी। उसे देखकर परिजनों और लोगों का गुस्सा भड़क गया और आरोपी महिला की बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोपी महिला 33 साल की पूर्णिमा बागची एक प्राइवेट एयरलाइन में पायलट है। जबकि उसका पति 36 साल का कौशिक बागची किसी दूसरी एयरलाइन में ग्राउंड स्टाफ है।

भीड़ ने पति-पत्नी को पीटा

वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग महिला पायलट को बाल से खींचते हुए पीट रहे हैं। उसे बचाने आए पति को भी लोगों ने पीटा। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, दंपति ने लगभग दो महीने पहले घरेलू कामकाज के लिए 10 साल की एक लड़की को काम पर रखा था। आज लड़की के एक रिश्तेदार ने उसके हाथ और चेहरे पर चोट के निशान देखे और पुलिस को सूचित किया। लोगों को पता चला कि दंपति लड़की को प्रताड़ित करता था और उसकी पिटाई करता था। इससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और पति-पत्नी को जमकर पीटा।

पुलिस ने मामला दर्ज किया

मामले की पुलिस को भी जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने केस दर्ज कर पायलट और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है, घटना द्वारका के सेक्टर 9 की है। बच्ची 2 महीने से इनके साथ काम कर रही थी। पुलिस के मुताबिक बच्ची के माता-पिता बच्ची को नौकरी पर रखकर अपने गांव बिहार चले गए थे। बच्ची की बुआ आरोपी के घर के पास ही काम करती थी और उसने बच्ची को पीटते हुए देखा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दंपति को हिरासत में ले लिया। इनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article