Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने मुठभेड़ के दौरान कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा को ढेर कर दिया। रोमिल कुरुक्षेत्र में झज्जर के शराब कारोबारी शांतनु और यमुनानगर के तिहरे हत्याकांड समेत कई मामलों में वांटेड था। हरियाणा पुलिस की ओर से उस पर 3.10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। रोमिल काला राणा गिरोह का एक सक्रिय शूटर भी था।
मुठभेड़ में 10 राउंड फायरिंग
मंगलवार सुबह पुलिस आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसकी जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से आरोपी वह घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में स्पेशल सेल के सब इंस्पेक्टर प्रवीण यादव और हरियाणा एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर रोहण घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिना नंबर की बाइक से दिल्ली आ रहा था अपराधी
पुलिस ने बताया कि रोमिल बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक पर दिल्ली की ओर आ रहा था। उसके पास से एक चाइनीज नोरिनको पिस्टल भी बरामद हुई। रोमिल वोहरा यमुनानगर का निवासी था और कुख्यात गैंगस्टर वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा के गिरोह का सक्रिय शूटर था। हाल के महीनों में हरियाणा में शराब कारोबारियों की हत्याओं की जिम्मेदारी वीरेंद्र प्रताप और उसके भाई सूर्य प्रताप ने ली थी। इस गैंग ने शराब कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी मांगने का काम किया है, जिसके चलते कई कारोबारियों ने डर के कारण ठेका सरेंडर कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
