मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में भारी बारिश के बाद एक कोचिंग सेंटर की इमारत के भूतल में पानी भर जाने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने रहे तीन अभ्यार्थियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से दो छात्राओं और एक छात्र के शव बरामद किए गए हैं, इस घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है।
छात्रों ने अवैध कोचिंग संचालन की सुरक्षा उपायों में कमी पर सवाल उठाए और कार्रवाई की मांग की,साथ ही इसे सरकार की लापरवाही बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों के एक समूह ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की मौत पर प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए।
भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने घटनास्थल का दौरा किया। दोनों नेताओं ने घटना के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को दोषी ठहराते हुए कहा कि स्थानीय विधायक ने नालियों की सफाई को लेकर लोगों की अपील को नजरअंदाज किया।
सचदेवा ने कहा, 'इस हादसे के लिए दिल्ली सरकार की आपराधिक लापरवाही जिम्मेदार है। जल बोर्ड मंत्री आतिशी और स्थानीय विधायक दुर्गेश पाठक को घटना की जिम्मेदारी लेते हुए अपने-अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए।'
गौर हो कि दिल्ली अग्निशमन विभाग (DFS) के अनुसार, शनिवार शाम करीब सात बजे राव आईएएस स्टडी सेंटर (rao ias study centre) नामक कोचिंग में जलभराव की सूचना मिली। मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने कहा, 'हमें शाम सात बजे एक कोचिंग संस्थान के भूतल में पानी भर जाने की सूचना मिली। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वहां कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि पूरे भूतल में पानी कैसे भर गया। ऐसा लगता है कि भूतल में बहुत तेजी से पानी भर गया, जिससे कुछ लोग अंदर फंस गए।'
दिल्ली में कोचिंग सेंटरों में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं
गौर हो कि दिल्ली में कोचिंग सेंटरों में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग सेंटर में आग लगी थी। कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूद गए थे।
पटेल नगर इलाके में 26 वर्षीय एक अभ्यर्थी की करंट लगने से मौत
इस सप्ताह की शुरुआत में ही मध्य दिल्ली के पटेल नगर इलाके में भारी बारिश के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाले 26 वर्षीय एक अभ्यर्थी की उस समय करंट लगने से मौत हो गई, जब उसने एक लोहे के गेट को छू लिया, जिसमें करंट दौड़ रहा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
