RK Puram Double Murder: दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार सुबह दोहरे हत्याकांड की घटना के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम थाने इलाके में अज्ञात शूटरों ने दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस आप की सरकार के अधीन होती तो राष्ट्रीय राजधानी सुरक्षित होती।
असुरक्षित महसूस करने लगे हैं दिल्ली के लोग
केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दोनों महिलाओं के परिजनों के साथ हमारी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अपने आप को बहुत असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। जिन लोगों को दिल्ली की कानून-व्यवस्था संभालनी है, वे कानून-व्यवस्था ठीक करने के बजाय पूरी दिल्ली सरकार पर कब्जा करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। आज अगर दिल्ली की कानून-व्यवस्था उपराज्यपाल के बजाय ‘आप’ सरकार के अधीन होती, तो राष्ट्रीय राजधानी सबसे सुरक्षित होती। आम आदमी पार्टी ने पहले भी शहर में कानून-व्यवस्था की कथित तौर पर बिगड़ती स्थिति को लेकर उपराज्यपाल वी के सक्सेना पर निशाना साधा है।
आरके पुरम में हुई दो महिलाओं की हत्या
गौर हो कि दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डीसीपी मनोज सी के मुताबिक पुलिस को सुबह 4:40 बजे आरके पुरम थाने में फोन आया था कि अंबेडकर बस्ती में कुछ लोगों ने फोन करने वाली की बहनों को गोली मार दी है। कॉल का जवाब देते हुए एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची जहां यह पाया गया कि दो महिलाओं पिंकी (30) और ज्योति (29) को गोली मारी गई थी और उन्हें एसजे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शूटर पीड़िता के भाई की तलाश कर रहे थे और गोली मारने के पीछे का कारण पैसों के लेन-देन का मामला लग रहा है, हालांकि, सटीक कारण का पता लंबी जांच के बाद ही चलेगा। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
