Delhi UER-2 Toll Plaza: दिल्लीवासियों के लिए सफर अब महंगा हो गया है। राजधानी में अब ऐसा टोल प्लाजा तैयार हुआ है, जहां अपने ही शहर के अंदर यात्रा करने पर भी टोल टैक्स देना होगा। दरअसल, नॉर्थ और आउटर दिल्ली से द्वारका, एयरपोर्ट और गुरुग्राम की ओर कनेक्टिविटी तो आसान हो गई है, लेकिन इस रास्ते पर टोल लगने से लोगों की जेब पर असर पड़ने लगा है। दिल्ली के अंदर ही सफर करने पर भारी भरकम टोल देना लोगों को पसंद नहीं आ रहा है। कई नागरिक इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं और इसे आम जनता पर आर्थिक बोझ बता रहे हैं। उनका कहना है कि अगर अपने ही शहर में इतनी महंगी यात्रा करनी पड़ी तो आम आदमी कैसे गुजारा करेगा?
कहां बना है टोल प्लाजा?
दिल्ली के बक्करवाला गांव के पास UER-2 (Urbal Extension Road-II) पर मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा बनाया गया है। यह राजधानी का पहला ऐसा टोल है जहां शहर के अंदर ही सफर करने वालों से टैक्स वसूला जा रहा है। जो लोग मुंडका, नजफगढ़, बक्करवाला, द्वारका या आईजीआई एयरपोर्ट की ओर जा रहे हैं, या दिल्ली के भीतर से ही गुरुग्राम की तरफ निकलते हैं, उन्हें इस टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है और टोल देना अनिवार्य है।
कितना देना होगा टोल?
मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर वाहनों के प्रकार के अनुसार अलग-अलग टोल दरें निर्धारित की गई हैं। कार, जीप, वैन जैसी लाइट मोटर व्हीकल्स के लिए एक तरफ का सफर ₹235 में तय होगा, जबकि एक ही दिन में आने-जाने पर ₹350 का टोल देना होगा। ऐसे वाहनों के लिए मासिक पास की कीमत ₹7765 रखी गई है। वहीं, लाइट कमर्शियल व्हीकल्स और मिनी बसों के लिए एक तरफ का टोल ₹375 और दिनभर में आने-जाने का शुल्क ₹565 तय किया गया है, जबकि मंथली पास ₹12545 में मिलेगा।
बसों और ट्रकों के लिए टोल
इसके अलावा, डबल-डेकर बसों और ट्रकों को एक तरफ की यात्रा पर ₹790 और वापसी पर ₹1185 चुकाने होंगे। ऐसे भारी वाहनों के लिए मासिक पास ₹26285 में जारी किया जाएगा। तीन-धुरी कमर्शियल वाहनों के लिए एक तरफ का टोल ₹860 और वापसी पर ₹1290 तय है, जबकि उनका मासिक पास ₹28675 में मिलेगा। इन दरों से स्पष्ट है कि राजधानी में अब भीतर यात्रा करना भी महंगा साबित हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
