दिल्ली

MCD election 2022: एमसीडी के सभी 250 वार्ड में मतदान आज, 1.45 करोड़ वोटर डालेंगे वोट, BJP और AAP में मुकाबला

  • Edited by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 4, 2022, 02:36 AM IST

MCD election 2022: उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों को मिलाकर एक करने और परिसीसन के बाद पहली बार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव हो रहा है। इसके लिए वोटिंग आज हो रही है। सभी 250 वार्ड में मतदान सुबह 8 बजे शुरू होगा। मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच है।

Image

एमसीडी चुनाव के लिए वोटिंग आज

Photo : iStock

MCD election 2022: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा और मतगणना 07 दिसंबर को होगी। परिसीसन और उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों को मिलाकर एकीकृत एमसीडी बनाने के बाद यह पहला चुनाव है। एकीकृत एमसीडी 22 मई से अस्तित्व में आई है। आज हो रहे मतदान गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान से तीन दिन बाद और दूसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले हो रहा है। एमसीडी के सभी 250 वार्ड के लिए मतदान हो रहा है और इस चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP), भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) तथा कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। AAP और बीजेपी दोनों ने भरोसा है कि वे चुनावों में विजयी होंगी, जबकि कांग्रेस खोया हुआ अपना जनाधार हासिल करने की कोशिश कर रही है।

कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में

एमसीडी चुनाव में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए योग्य हैं। चुनाव में कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मतदाताओं की कुल संख्या 1,45,05,358 है, जिसमें 78,93,418 पुरुष, 66,10,879 महिलाएं और 1,061 ट्रांसजेंडर हैं।

3360 बूथ संवेदनशील

दिल्ली में फरवरी 2020 में हुए दंगों के बाद नगर निगम का यह पहला चुनाव है और अधिकारियों की ओर शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, 493 स्थानों पर 3360 बूथ को संवेदनशील घोषित किया गया है।

भारी पुलिस बल किया जाएगा तैनात

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एमसीडी चुनाव सुगम तरीके से कराने के लिए करीब 40,000 पुलिसकर्मी, 20,000 होमगार्ड और अर्द्धसैनिक तथा राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 108 कंपनी को तैनात किया जाएगा।

68 मतदान केंद्र मॉडल

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 68 मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्र बनाया गया है, जबकि 68 को पिंक मतदान केंद्र बनाया गया है।

2017 में 181 सीटों पर बीजेपी की हुई थी जीत

साल 2017 में हुए निकाय चुनाव में भाजपा ने कुल 270 वार्ड में से 181 में जीत हासिल की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीट पर मतदान नहीं हो सका था। ’आप’ ने 48 और कांग्रेस ने 27 वार्ड में जीत दर्ज की थी। 2017 में 53 फीसदी मतदान हुआ था।

2012 में तीन हिस्सों बांटा गया था एमसीडी

2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के दौरान इसे तीन हिस्सों- उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों में बांट दिया गया था। हालांकि, इस साल फिर से तीनों को एकीकृत कर दिया गया। एमसीडी को 1958 में स्थापित किया गया था।

आप और बीजेपी ने जमकर किया प्रचार

चुनाव से पहले दिल्ली में आप और बीजेपी के बड़े नेताओं ने प्रचार किया और गलियों में घूम कर अपनी पार्टी के उम्मीदवार के लिए वोट मांगे। राज्य चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि चुनाव अधिकारी और उसकी टीम रविवार को होने वाले इस मतदान के लिए पूरी तरह तैयार हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। आयोग ने शुक्रवार को कहा कि उसने सुगमता से मतदान कराने के लिए पूरी व्यवस्था की है। राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव द्वारा चार नवंबर को एमसीडी चुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें