Delhi Flood News: दिल्ली में उफनाती यमुना ने राजधानी का बुरा हाल किया है। बाढ़ ने इस बार 45 साल का अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बाढ़ का पानी पुरानी दिल्ली के निचले इलाकों सहित कश्मीरी गेट, लाल किला यहां तक दिल्ली सचिवालय तक पहुंच गया है। एक तरह से दिल्ली का एक तिहाई भाग पानी में है। बाढ़ की वजह से लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। लोगों की शिकायत है कि उन तक सरकार की तरफ से किसी तरह की राहत नहीं पहुंची है।
उस्मानपुर में घर पानी में डूबे
दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में मकान पानी में डूबे हैं। यहां बाढ़ की चपेट में आने से कई मवेशियों की मौत हो गई है। कुछ मवेशी अपना स्थान छोड़कर दूर कहीं चले गए हैं। लोग गुरुवार को अपने मवेशियों को पानी से निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले जाते देखे गए। कुछ लोग अपने घरों में मौजूद हैं। उन्होंने अपना घर नहीं छोड़ा है। एनडीआरएफ की टीम लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील कर रही है।
सरकार की तरफ से सुध लेने कोई नहीं आया
एक महिला ने कहा कि सरकार की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही है। हम लोग भूखे और प्यासे हैं। हमारी सुध लेने न तो केजरीवाल यहां आए हैं और न ही कोई मंत्री हमारा हाल जानने के लिए आया है। केजरीवाल हमारे पास केवल वोट मांगने के लिए आते हैं। हमारा सब बर्बाद हो गया है। हमारे पास पहनने के लिए कपड़े भी नहीं हैं। एक व्यक्ति ने कहा कि एनडीआरएफ की टीम हमें यहां लेकर आई। इसके बाद हमारे पास किसी तरह की मदद नहीं आई है। एक महिला ने बताया कि बुधवार से यहां कोई खाना नहीं खाया है। हमारे कई जानवर मर गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
