राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर में कैंसर रोगियों के लिए जिला डे केयर खोलने की केंद्र सरकार द्वारा घोषणा की गई है। केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में 759 जिला डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, इस साल 200 डे केयर सेंटर खोले जाएंगे, जिसमें से दिल्ली में 4 कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इन डे केयर की स्थापना के बाद कैंसर के मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी।
दिल्ली में कहां-कहां खुलेंगे डे केयर सेंटर
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय, जनकपुरी सुपर स्पेशलिटी, राव तुला राम मेमोरियल और पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे। शुक्रवार यानी आज से इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। बताया जा रहा है कि इन अस्पतालों के एक-एक डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को एक महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके आधार पर 19 नवंबर तक कुल 14 डॉक्टरों के साथ नर्सिंग स्टाफ को ट्रेन किया जाएगा। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को दी जाने वाली ट्रेनिंग में कीमोथेरेपी, दवाओं की निगरानी, प्रबंधन और उससे होने वाले संभावित साइड इफेक्ट्स की जानकारी भी दी जाएगी।
ट्रेनिंग के बाद शुरू होंगे डे केयर सेंटर
बताया जा रहा है कि ट्रेनिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरीजों को पहली कीमोथेरेपी उसी अस्पताल में दी जाएगी, जहां उनका इलाज चल रहा है, लेकिन दूसरी कीमोथेरेपी उन्हें डे केयर सेंटर में दी जाएगी। इसकी सबसे खास बात ये है कि डे केयर में दी जाने वाली कीमोथेरेपी मरीजों के लिए एक दम निशुल्क होगी। जहां निजी अस्पतालों में कीमोथेरेपी का खर्च 20 से 50 हजार रुपये तक का होता है। लेकिन डे केयर में मिलने वाली निशुल्क कीमोथेरेपी आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
