दिल्ली

MCD इलेक्शन से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री ने ज्वाइन की आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी का दावा है कि स्थानीय स्तर पर उनके जुड़ने से राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चांदनी महल वार्ड में करीब 30 वर्षों से एक ही परिवार का वर्चस्व रहा है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।

Image

सौरभ भारद्वाज, 'आप' नेता

दिल्ली : दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में हो रहे उपचुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मटिया महल विधानसभा से पूर्व विधायक और दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके आसिम अहमद खान ने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया है।शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने पटका और टोपी पहनाकर खान का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री और विधायक इमरान हुसैन, विधायक संजीव झा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। आसिम अहमद खान के शामिल होने से मटिया महल विधानसभा में "आप" की स्थिति मजबूत होने के साथ ही चांदनी महल वार्ड उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

पार्टी का दावा है कि स्थानीय स्तर पर उनके जुड़ने से राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चांदनी महल वार्ड में करीब 30 वर्षों से एक ही परिवार का वर्चस्व रहा है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। जगह-जगह कूड़ा और मलबे के ढेर, सड़कों पर धूल-मिट्टी और अव्यवस्था से जनता परेशान है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कब तक एक परिवार के भाई, भतीजे, साले, मामू और रिश्तेदार सत्ता पर काबिज रहेंगे? यह चुनाव परिवारवाद बनाम जनता के सेवक के बीच होने जा रहा है और जनता ने इस बार स्पष्ट संदेश दिया है, “रिश्तेदार नहीं, खिदमतगार चाहिए।”

सौरभ भारद्वाज ने दिलाई पुरानी याद

सौरभ भारद्वाज ने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2015 में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिकायत के आधार पर तत्कालीन खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री आसिम अहमद खान को बिना देरी के मंत्रिमंडल से हटाया था और मामले की सीबीआई जांच की भी सिफारिश की थी। सीबीआई ने लंबी और गहन जांच के बाद खान को क्लीन चिट दी और अदालत ने भी उन्हें सम्मानपूर्वक बरी किया।

इसके बाद खान कांग्रेस में शामिल हो गए थे और 2025 के विधानसभा चुनाव में मटिया महल से उम्मीदवार भी रहे। भारद्वाज ने कहा कि आसिम अहमद खान के ट्रैक रिकॉर्ड, उनकी बेदाग जांच रिपोर्ट और कोर्ट से बाइज्जत बरी होने को ध्यान में रखते हुए आम आदमी पार्टी ने दोबारा उन्हें अपने परिवार में शामिल करने का फैसला लिया है। उनका विश्वास है कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए खान की सक्रिय भागीदारी चांदनी महल वार्ड में नई राजनीतिक शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article