Delhi Flood Update: देश की राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा एक बार फिर मंडरा रहा है। क्योंकि यमुना का जल स्तर फिर ऊपर चढ़ने लगा है। दिल्ली में यमुना का जल स्तर शुक्रवार को एक बार फिर 205.33 मीटर के खतरे के निशान को पार कर गया। इससे बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास में देरी हो सकती है। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार (21 जुलाई) शाम 6 बजे यमुना का जल स्तर 205.34 मीटर तक पहुंच गया और रात 11 बजे तक इसके 205.45 तक पहुंचने की संभावना है। पिछले आठ दिनों से खतरे के निशान से ऊपर बहने के बाद मंगलवार की रात 8 बजे यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया था। यह बुधवार सुबह 5 बजे घटकर 205.22 मीटर रह गया, जिसके बाद जलस्तर में फिर से वृद्धि होने लगी और यह खतरे के निशान के ऊपर बहने लगा।
इस पूर्वानुमान के बाद दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों पर नजर रखने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है। अधिकारियों को तटबंध के समीप रह रहे लोगों को चेतावनी जारी करने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का इंतजाम करने की सलाह भी दी गई है। यमुना का जलस्तर 13 जुलाई को 208.66 मीटर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम हो रहा था। दिल्ली में बाढ़ का असर बेहद विनाशकारी रहा और 27000 लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा।
उधर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के कारण पिछले दो-तीन दिनों में जल स्तर में मामूली उतार-चढ़ाव हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 22 जुलाई तक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
