दिल्ली

पूर्वी दिल्ली में दर्दनाक हादसा; बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट और बैटरियों के फटने से भड़की आग, 2 की मौत

पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में एक घर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट बताया गया है, जिससे एक बाइक और दो अवैध रूप से चार्ज हो रहे ई-रिक्शा में आग भड़क उठी।

Image

पूर्वी दिल्ली में भीषण आग से हादसा (सांकेतिक फोटो)

पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना क्षेत्र की कोढ़ी कॉलोनी में रविवार रात एक भयावह आग ने दो लोगों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि भू-तल पर बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकलकर पास खड़ी आर15 बाइक में आग लग गई। इसी दौरान, दो ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज हो रहे थे, जिनकी बैटरियों के फटने से आग और तेजी से फैल गई।

ऊपरी मंजिल पर मौजूद सात लोग सुरक्षित निकलने में सफल रहे, लेकिन शशि और बुजुर्ग रिक्शा चालक बबलू इस दुर्घटना में जान गंवा बैठे। दमकल विभाग की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। नंद नगरी थाना पुलिस ने दोनों शवों को जीटीबी अस्पताल के शवगृह में भेज दिया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, शशि अपने परिवार के साथ दो मंजिला मकान में रहता था, जबकि बबलू बेघर थे और कभी-कभी शशि का रिक्शा चलाते थे। घटना के समय दोनों भू-तल पर सो रहे थे, जब अचानक बिजली के पैनल से उठी चिंगारियों ने इस भयावह हादसे को जन्म दिया। परिवार ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article