Delhi Police Encounter: दिल्ली एक बार फिर पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हुआ। जानकारी के मुताबिक, नॉर्थ वेस्ट जिले की AATS (Anti-Auto Theft Squad) टीम और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है।
यह मुठभेड़ जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र के शाह आलम रोड पर हुई, जहां पुलिस ने 307 (हत्या का प्रयास) के मामले में वांटेड आरोपी नितिन उर्फ चोर को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी नितिन के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
सूत्रों के अनुसार, AATS टीम को यह सूचना मिली कि कई आपराधिक मामलों में वांछित नितिन शाह आलम रोड पर मौजूद है। पुलिस ने जब उसे चारों ओर से घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। इस दौरान कांस्टेबल डोली की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित रहे।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिससे नितिन के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, नितिन लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और उस पर कई मामले दर्ज हैं। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ वेस्ट) ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और नितिन के अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
