Shri Ram Bhagwan Pratima Yatra in Jahangirpuri: दिल्ली पुलिस ने उत्तर पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी में रामनवमी पर 'श्री राम भगवान प्रतिमा यात्रा' आयोजित करने के लिए एक समूह को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। जहांगीरपुरी में पिछले साल हनुमान जयंती जुलूस के दौरान हिंसा हुई थी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।रामनवमी बृहस्पतिवार को मनाई जाएगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रमजान के दिन पार्क में नमाज पढ़ने की अनुमति भी नहीं दी गई है।उत्तर पश्चिम जिले के सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) ने सोमवार को 'श्री राम भगवान प्रतिमा यात्रा' की अनुमति देने से इनकार करने वाले आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर किए और सोमवार को जारी किया।
आदेश के अनुसार, 'मुझे आपको सूचित करने का निर्देश दिया गया है कि बृहस्पतिवार को रामनवमी महोत्सव के अवसर पर 'श्री राम भगवान प्रतिमा यात्रा' के लिए आपके अनुरोध पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा विचार किया गया है, लेकिन कानून और व्यवस्था के दृष्टिकोण से इसे स्वीकार नहीं किया जा सका है।'
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस विशेष कार्यक्रम के लिए समूह को पहले कोई अनुमति नहीं दी गई। अनुमति 'पारंपरिक नहीं' है। केवल जहांगीरपुरी क्षेत्र के लिए इस विशेष अनुमति से इनकार किया गया है। पुलिस ने बताया कि रमजान के दिन नेताजी सुभाष प्लेस के एक पार्क में नमाज पढ़ने के लिए एक समूह द्वारा मांगी गई एक अन्य अनुमति को भी अस्वीकार कर दिया गया क्योंकि इसे भी 'पारंपरिक नहीं' माना गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
