दिल्ली

दिल्ली को कूड़े के इस पहाड़ से एक साल में मिलेगी मुक्ति, कर्मचारियों को मिलेंगे 5 हजार रुपये

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल साइट पर जमा 45 लाख मीट्रिक टन कचरे को अगले साल 2 अक्टूबर से पहले खत्म करने का आश्वासन दिया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि और स्वास्थ्य जांच की घोषणा की।

Image

अगले साल अक्टूबर के बाद नहीं दिखेगा ये पहाड़!

दिल्ली देश की राजधानी है और एक विश्वस्तरीय शहर है। दिल्ली खूबसूरत भी काफी है, लेकिन दिल्ली की खूबसूरती पर शहर के अलग-अलग हिस्सों में मौजूद बड़े-बड़े कूड़े के पहाड़ दाग जैसे हैं। काफी कोशिशों के बावजूद यह दाग अब तक मिटाए नहीं जा सके हैं। अब केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसको लेकर आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि भलस्वा में कूड़े के पहाड़ को अगले एक साल में खत्म कर दिया जाएगा।

सेवा-पखवाड़े के अवसर पर उन्होंने कल यानी बुधवार 17 सितंबर को भलस्वा लैंडफिल साइट पर कचरे के निस्तारण कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भलस्वा में जमे 45 लाख मीट्रिक टन कचरे को अगले साल 2 अक्टूबर से पहले साफ कर दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां लैंडफिल साइट पर काम करने वाले कर्मचारियों को पाच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यही नहीं उनका हेल्थ चेकअप भी कराया जाएगा। खट्टर ने कहा कि बायो रेमेडिएशन के बाद भलस्वा लैंडफिल साइट पर लगभग 25 एकड़ भूमि खाली हुई है। इसमें पांच एकड़ पर तो बैंबू गार्डन यानी बांस का जंगल और 20 एकड़ जमीन पर स्वच्छता से जुड़ी मशीनरी को लगाया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने सेवा-पखवाड़े के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत पौधरोपण भी किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस यानी 25 सितंबर को स्वच्छता पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने और स्वच्छ राजधानी बनाने के सरकार के संपल्प को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस अवसर पर भलस्वा में मेयर सरदार राजा इकबाल सिंह भी मौजूद थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article