दिल्ली

Delhi AQI: दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बरकरार, 13 इलाकों में AQI 400 पार; इस हफ्ते भी बेहतर नहीं होंगे हालात

शुक्रवार को भी दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। गुरुवार को औसत AQI 391 था, जो शुक्रवार सुबह घटकर 370 पर आया, लेकिन कई इलाकों में स्तर 400 से ऊपर जाकर ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा। वजीरपुर में AQI 442 दर्ज हुआ, जबकि आनंद विहार, अशोक विहार और बवाना जैसे हॉटस्पॉट भी गंभीर श्रेणी में देखे गए। आइए जानते हैं दिल्ली की एयर क्वालिटी का हाल।

Image

दिल्ली में आज भी 13 इलाकों में स्थिति गंभीर (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Delhi AQI Update: दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार चिंता बढ़ा रही है। गुरुवार, 20 नवंबर को जहां राजधानी का औसत AQI 391 दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार सुबह 8 बजे यह आंकड़ा घटकर 370 पर आया। हालांकि इसमें थोड़ा सुधार दिखा है, लेकिन हवा अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। कई इलाकों में तो प्रदूषण का स्तर 400 के पार है, जो सीधे-सीधे ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

कई प्रदूषण हॉटस्पॉट ‘गंभीर’ श्रेणी में

CPCB के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली के 39 में से 13 एयर मॉनिटरिंग स्टेशन ‘सीवियर’ यानी 'गंभीर' श्रेणी में रिकॉर्ड किए गए। वजीरपुर क्षेत्र में AQI सबसे अधिक 442 दर्ज किया गया। आनंद विहार, अशोक विहार, भलस्वा, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, नेहरू नगर, आरके पुरम, रोहिणी और विवेक विहार जैसे प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट भी 400 के पार रहे। इसके उलट, IHBAS दिलशाद गार्डन (253), लोधी रोड (287) और मंदिर मार्ग (267) तीन ऐसे स्टेशन रहे जहां प्रदूषण 'खराब' श्रेणी में दर्ज हुआ, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' ही रही।

आगे कैसे रहने वाले मौसम और प्रदूषण के हालात

प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम दिख रही है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम ने पूर्वानुमान लगाया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा और बिगड़ सकती है तथा वायु गुणवत्ता अगले छह दिनों तक 'बहुत खराब' से 'गंभीर' श्रेणी के बीच रह सकती है। इस बीच, सफर मॉडल के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के कुल प्रदूषण में वाहनों का योगदान 17.3 प्रतिशत और पराली जलाने का योगदान 2.8 प्रतिशत रहा। शुक्रवार के लिए ये योगदान क्रमशः 16.2 प्रतिशत और 1.8 प्रतिशत अनुमानित किए गए हैं।

IMD के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज हल्की से मध्यम धुंध और अधिकतम तापमान 27 डिग्री तथा न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है।

स्कूलों में आउटडोर स्पोर्ट्स पर रोक की जरूरत

इसी बीच, दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि नवंबर से जनवरी के बीच अत्यधिक प्रदूषण वाले महीनों में स्कूली बच्चों को आउटडोर खेल गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। जस्टिस सचिन दत्ता ने नाबालिग छात्रों की याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि अधिकारी बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करने में विफल हो रहे हैं और उन्हें वार्षिक खेल कैलेंडर में बदलाव कर इन महीनों में कोई आउटडोर इवेंट आयोजित नहीं करना चाहिए।

GRAP-3 लागू, सख्त पाबंदियां जारी

राजधानी में बढ़ते प्रदूषण स्तर को देखते हुए 11 नवंबर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-III) लागू है। यह चरण तब लागू होता है जब AQI 401-450 की सीमा में पहुंच जाता है या उसके करीब होता है। GRAP-3 के तहत निर्माण गतिविधियों, औद्योगिक संचालन और वाहनों की आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं ताकि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article