दिल्ली

Delhi weather: दिल्ली में उमस से हाल बेहाल, जानिए मानसून का अभी और कितना इंतजार

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 24, 2023, 12:18 PM IST

Delhi NCR weather update : दिल्ली का मौसम अगले सात दिन कैसा रहेगा, इस पर मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा। IMD की ओर से 25 से 27 जून दिल्ली में बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

Image

दिल्ली में हल्की बारिश होने की उम्मीद।

Photo : PTI

Delhi NCR weather update : दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों तेज धूप और लू तो नहीं चल रही है लेकिन उमस भरी गर्मी ने सभी को परेशान कर रखा है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश से मौसम सुहावना हुआ लेकिन अगले ही दिन से उमस बढ़ने लगी। आसमान में छाए बादलों से लोग बारिश होने की उम्मीद कर रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर में मानसून आम तौर पर 30 जून के करीब दस्तक देता है लेकिन मौसम विभाग ने अभी इसके आने की तिथि के बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, निजी पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काईमेट वेदर’ ने कहा है कि मानसून 28-29 जून को दिल्ली पहुंच सकता है।

दिल्ली में तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट

दिल्ली का मौसम अगले सात दिन कैसा रहेगा, इस पर मौसम विभाग की ओर से जानकारी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस रहेगा। IMD की ओर से 25 से 27 जून दिल्ली में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। विभाग का कहना है कि इन तीन दिनों में आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन तीन दिनों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास बना रहेगा। 28 जून से तापमान में फिर वृद्धि देखने को मिलेगी।

शुक्रवार को उमस भरा मौसम रहा

IMD के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को उमस भरा मौसम रहा और अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रहने तथा बारिश नहीं होने से लोगों को बेचैनी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। जबकि आर्द्रता 92 से 53 प्रतिशत के बीच रही।

दिल्ली में इस बार नहीं चली लू

आईएमडी का कहना है कि दिल्ली में इस गर्मी के मौसम में लू दर्ज नहीं की गई। यह काफी असामान्य बात है क्योंकि 2011 के बाद से गर्मियों में कम से कम एक दिन लू दर्ज की गई है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘सफदरजंग वेधशाला ने इस गर्मी के मौसम में अब तक लू दर्ज नहीं की है। साथ ही, अगले सात दिन में लू चलने का अनुमान नहीं है। वर्ष 2011 से दिल्ली में बिना लू के यह पहली गर्मी है।’ आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में मई में 111 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जो दीर्घकालिक औसत 30.7 मिमी से 262 प्रतिशत अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों के दौरान महाराष्ट्र, कर्नाटक तथा तेलंगाना के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां भी अनुकूल होती जा रही हैं।’

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!