Delhi Accident: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक थार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी है। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। थार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद थार चालक वाहन घटनास्थल पर छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
पुलिस ने मृतक की पहचान बेचू लाल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मारी और इसके बाद गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक और थार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
मृतक बेचू लाल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। मामले की गहन जांच जारी है। इस एक्सीडेंट से स्थानीय लोग दहशत में हैं, और उन्होंने इलाके में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाही भरी ड्राइविंग पर चिंता जताई है।
पहले भी एक थार ने दो लोगों को मारी थी टक्कर
इससे पहले दिल्ली में ही 10 अगस्त को थार से एक और एक्सीडेंट हुआ था। दरअसल, तेज रफ्तार गाड़ी ने दो लोगों को टक्कर मारी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह दुर्घटना राष्ट्रपति भवन से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर तालकटोरा स्टेडियम के सामने हुई थी। जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की थार गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर सवार था। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का बताया जा रहा था। मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग पर 11 मूर्ति के पास थार ने दो लोगों को कुचल दिया था। जो तस्वीर सामने आई, उसे देखकर हादसे की भयावता और थार की गति का अंदाजा लगाया जा सकता है। थार गाड़ी का आगे का एक पहिया टूट चुका था।
(इनपुट - आईएएनएस)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
