दिल्ली : दिल्ली व NCR में गैंगस्टर गिरोहों की कमर तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने बीती रात (18 सितंबर 2025) एक बड़ा अभियान चलाया। इस समन्वित ऑपरेशन के तहत दिल्ली, सोनीपत, समपला, झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में एक साथ छापेमारी की गई। कुल 820 पुलिसकर्मी इस अभियान में शामिल रहे। इसमें आउटर नॉर्थ जिले से 39 टीमें (500 जवान) और रोहिणी जिले से 19 टीमें (320 जवान) उतारी गईं। कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने किया, जबकि इसकी कमान डीसीपी हरेश्वर स्वामी और डीसीपी राजीव रंजन के हाथों में रही। पूरे ऑपरेशन की निगरानी संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने की।
गिरफ्तारी और दबोचे गए बदमाश
पुलिस ने इस अभियान में कुल 36 संदिग्धों को पकड़ा, जिनमें से 6 को आधिकारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी काला जठेड़ी, जितेंद्र उर्फ गोगी, नीरज बावाना, राजेश बावाना, टिल्लू ताजपुरिया, कपिल सांगवान उर्फ नंदू और नेतू डबोदा जैसे कुख्यात गैंग्स से जुड़े बताए जा रहे हैं।
इनमें से 7 मामले आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
शक्तिमान (34), निवासी खेड़ा खुर्द, दिल्ली
वेदपाल (55), निवासी तिकरी खुर्द, नरेला
प्रेम सिंह सेहरावत (67), निवासी बावाना
नवीन (30), निवासी कराला
अंकित उर्फ विशाल (25), निवासी कराला
हरिओम उर्फ अंकित उर्फ अक्की (25), निवासी कराला
छापों में क्या मिला
पुलिस ने छापेमारी के दौरान नकदी, कीमती सामान, वाहन और हथियार जब्त किए।
नकदी व कीमती सामान:
₹49.60 लाख नकद
1.36 किलो सोना
14.60 किलो चांदी
वाहन व इलेक्ट्रॉनिक्स:
एक बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो SUV
एक मोटरसाइकिल
26 मोबाइल फोन
एक लैपटॉप
हथियार व कारतूस:
7 पिस्टल और रिवॉल्वर
1 बटनदार चाकू
1 मैगजीन
40 जिंदा कारतूस
3 बोर ब्रश और 2 क्लीनिंग रॉड
जब्त मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की जांच फॉरेंसिक टीम को सौंप दी गई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह अभियान गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलाया गया है। आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि दिल्ली और NCR में अपराध का दबदबा खत्म किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
