Kanjhawala Accident : बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर की रात कार से घसीटकर लड़की की मौत मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मीडिया से बातचीत में दिल्ली के स्पेशल सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि घटना के समय मृतक अंजली के साथ उसके साथ एक और लड़ी थी। इस हादसे में मृतका की दोस्त जख्मी नहीं हुई और घटना के बाद वह मौके से चली गई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस केस की जांच अभी प्रारंभिक स्तर पर है और जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी।
हम जांच जल्द पूरी कर लेंगे-पुलिस
पुलिस अधिकारी ने कहा, 'अब हमारे पास घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी है और वह पूछताछ में सहयोग कर रही है। सीआरपीसी की धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी लड़की के बयान आरोपियों को सजा दिलाने में अहम योगदान देंगे। इस केस की जांच अभी जारी है और यह जांच अभी प्रारम्भिक स्तर पर है। हम जल्दी ही जांच को पूरा कर लेंगे। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।'
नहीं मिल पाए कई सवालों के जवाब
पूरे देश को झकझोर देने वाली इस घटना में कई बातें सामने आई हैं जो पुलिस की हिट एंड रन थ्योरी पर सवाल खड़े कर रही हैं। इस संवाददाता सम्मेलन में सीपी ने केस से जुड़े मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया। वह मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतक लड़की अंजली की दोस्त जब हादसे के समय घटनास्थल पर मौजूद थी तो उसने खुद पुलिस को इस बारे में सूचित क्यों नहीं किया? वह क्यों चुप रही? क्या आरोपियों को वह जानती है? इन सवालों के जवाब अभी नहीं मिल पाए हैं।
नए साल का जश्न मनाने के बाद होटल से निकलीं
इस बीच, होटल के मैनेजर ने दावा किया है कि अंजली और उसकी दोस्त नए साल का जश्न मनाने के लिए उसके यहां पहुंची थीं। होटल मैनेजर का कहना है कि अंजली और उसकी दोस्त 31 दिसंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे होटल पहुंची थीं। होटल में दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई और होटलकर्मयों द्वारा रोके जाने पर वे सीढ़ी से नीचे चली गईं। वहां भी दोनों में खूब लड़ाई हुई। इसके बाद दोनों स्कूटी से वहां से निकल गईं।
होटलकर्मियों से पुलिस की पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने होटल के कुछ कर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। यही नहीं, उस रात होटल में दिखे कुछ लड़कों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। बताया जाता है कि इन लड़कों ने होटल में एक कमरा बुक कराया था। होटल के कर्मचारियों ने लड़कों को इन दोनों लड़कियों से बात करते हुए देखा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
