Delhi News: दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर नकेल कसने के लिए “ऑपरेशन आघात 2.0” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत करीब 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 130 आरोपियों को हथियार, शराब, नशा और जुए से जुड़े मामलों में पकड़ा है, जबकि 360 लोगों पर रोकथाम की कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास भारी मात्रा में शराब और हथियार बरामद किए हैं।
अभियान के दौरान हथियार और शराब जब्त
ऑपरेशन आघात 2.0 के दौरान पुलिस ने 31 हथियार, 5,826 क्वार्टर अवैध शराब, 5.5 किलो गांजा, और 1,85,000 रुपये से अधिक की नकदी जुए के अड्डों से जब्त की। इसके अलावा 163 वाहन जब्त किए गए और 64 आदतन अपराधियों (Bad Characters) को भी पकड़ा गया।
क्या है ऑपरेशन आघात 2.0?
दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोलचा के निर्देशन में शुरू किया गया यह अभियान राजधानी को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में एक और कदम है। इससे पहले सितंबर में ऑपरेशन आघात 1.0 चलाया गया था, जिसमें 294 लोगों पर कार्रवाई हुई थी। इस बार पुलिस ने उससे कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर कार्रवाई की।
ऑपरेशन आघात 2.0 उद्देश्य
ऑपरेशन का मकसद झुग्गी बस्तियों में पनप रहे संगठित अपराध, शराब-नशे के धंधे और सड़कों पर होने वाले अपराधों पर रोक लगाना है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई त्योहारों के मौसम में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए की गई है।
नेतृत्व और समन्वय
इस अभियान की निगरानी संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिणी रेंज) श्री संजय जैन ने की, जबकि अभियान का नेतृत्व डीसीपी हेमंत तिवारी ने किया। इसमें एडीसीपी ऐश्वर्या शर्मा, ईशान भारद्वाज, सभी एसीपी, एसएचओ और करीब 600 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
लंबे समय के उपाय
पुलिस अब इन अपराधियों पर भारी धाराओं में कार्रवाई करने और दिल्ली से बाहर भेजने (Externment) की प्रक्रिया शुरू कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इस अभियान के बाद सड़क अपराध से जुड़ी PCR कॉल्स में करीब 20% कमी आई है।
दिल्ली पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि राजधानी को और सुरक्षित बनाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
