दिल्ली

दिल्ली पुलिस ने किया अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, सनी साई गैंग का सप्लायर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए सनी साई गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य सप्लायर गुरमीत सिंह और वांछित लुटेरा सुमित शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में सक्रिय गिरोहों को हथियार उपलब्ध करा रहे थे।

Image

दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियारों के नेटवर्क का किया भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक फोटो: Canva)

Delhi Police Arms Network Bust: दिल्ली पुलिस ने अवैध हथियारों के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए सनी साई गैंग के मुख्य सप्लायर और एक वांछित लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय गुरमीत सिंह और 27 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक गुरमीत दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान क्षेत्र में सक्रिय कई गिरोहों को अवैध हथियार उपलब्ध कराता था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों में सनी साई, सलाम त्यागी और सद्दाम गौरी के नाम भी शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, बागपत में गुरमीत की मौजूदगी की सूचना मिलने पर 26 अक्टूबर को छापेमारी की गई, जिसके दौरान उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। छापे के दौरान पुलिस ने दो पिस्तौल, पांच देसी कट्टे, एक मस्कट, कुल 38 कारतूस और एक कार बरामद की। पूछताछ में गुरमीत ने स्वीकार किया कि उसने एक वांछित लुटेरे सुमित को हथियार उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने सुमित को द्वारका के पास डाबरी-गुरुग्राम रोड से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, सुमित के कब्जे से एक पिस्तौल, दो कारतूस और एक चोरी की कार बरामद की गई। अधिकारियों ने बताया कि सुमित पहले सिविल डिफेंस में स्वयंसेवक था, लेकिन अनुबंध खत्म होने के बाद उसने आपराधिक गतिविधियों की राह पकड़ ली। वह जयपुर में हुई एक डकैती के मामले में वांछित है, और उसकी गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित है। वहीं, गुरमीत के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article