Delhi News: राजधानी दिल्ली के द्वारका जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का अभियान लगातार जारी है। जून महीने में द्वारका जिला पुलिस ने कुल 29 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर विदेश भेजने की प्रक्रिया शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, ये सभी विदेशी नागरिक बिना वैध वीजा अथवा तय अवधि से अधिक समय तक भारत में अवैध रूप से रह रहे थे।
कई देशों के लोग चढ़े हत्थे
गिरफ्तार किए गए लोगों में 18 बांग्लादेशी, चार आइवरी कोस्ट, तीन नाइजीरियन, दो लाइबेरियन, तथा एक-एक नागरिक तंजानिया और बेनिन से हैं। बांग्लादेशी नागरिकों में छह बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 10 वर्ष से कम बताई जा रही है। ये सभी बांग्लादेश के कुरिग्राम जिले के मूल निवासी हैं।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई जिले की विभिन्न इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। स्पेशल स्टाफ ने 11, डाबरी थाना ने 7, एंटी नारकोटिक्स सेल ने 6, मोहन गार्डन थाना ने 3, एएटीएस और उत्तम नगर थाना ने एक-एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया।
किसी के पास नहीं थे वैध दस्तावेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी विदेशी नागरिक या तो भारत में वैध वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी रुके हुए थे या बिना किसी वैध दस्तावेज के देश में प्रवेश कर चुके थे। वे द्वारका जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे थे या संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते पाए गए।
भेजे गए डिपोर्टेशन सेंटर
सभी गिरफ्तार विदेशी नागरिकों को विदेशी पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसने उनके डिपोर्टेशन का आदेश जारी किया। इसके पश्चात उन्हें डिपोर्टेशन सेंटर भेज दिया गया है, जहां से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
